काशी हिंदू विश्वविद्यालय ने भारतीय खेल प्राधिकरण के साथ समझौता कर खेल के इतिहास में एक नया अध्याय जोड़ा है। भारतीय खेल प्राधिकरण के क्षेत्रीय निदेशक राजेंद्र सिंह ने बीएचयू में खेल का उत्कृष्ट केंद्र स्थापित करने की पहल की है।
तीन मई को इस समझौते पर मुहर भी लग गई। कुलपति प्रो. जीसी त्रिपाठी ने एमओयू पर हस्ताक्षर किया। यह समझौता प्रथम चरण में अगले 20 वर्षों के लिए हुआ है। भविष्य में मूल्यांकन के आधार पर इसे और विस्तार दिया जाएगा।
भारतीय खेल प्राधिकरण के प्रशिक्षक देश के कोने-कोने से चयनित उत्कृष्ट खिलाड़ियों को बीएचयू में प्रशिक्षित करेंगे। 14 से 21 साल तक के खिलाड़ियों का चयन भारतीय खेल प्राधिकरण के नियमों के आधार पर होगा।
शुरुआती दौर में एथलेटिक्स, बॉक्सिंग, हॉकी और वॉलीबाल का प्रशिक्षण दिया जाएगा। भविष्य में बीएचयू में स्पोर्ट्स हॉस्टल भी खोले जाएंगे। बीएचयू खिलाड़ियों के लिए छात्रावास और मैदान उपलब्ध कराएगा जबकि साई इनके भोजन, पढ़ाई और प्रशिक्षण की व्यवस्था करेगा।