वाराणसी। केंद्रीय खाद्य प्रसंस्करण राज्यमंत्री साध्वी निरंजन ज्योति ने कहा कि देश भर में 17 मेगा फूड पार्क बनेंगे। इनमें से एक बनारस में भी होगा। इस पार्क के बनने से किसानों को विदेश तक अपने फसलों, फलों, सब्जियों को बेचने की सुविधा मिलेगी। इससे देश के किसानों की आर्थिक स्थिति सुधरेगी। शुक्रवार की शाम सर्किट हाउस पहुंचीं केेंद्रीय राज्यमंत्री ने मीडिया से हुई बातचीत में कहा कि विपक्ष के पास कोई मुद्दा नहीं है, लिहाजा वह भूमि अधिग्रहण बिल पर हंगामा कर रहा है।
उन्होंने बताया कि मेगा फूड पार्क में वेयरहाउस, विपणन केंद्र आदि बनाए जाएंगे। इसके बनने के बाद किसानों की उपज बरबाद नहीं होगी और उसके उचित मूल्य उन्हें आसानी से मिल पाएंगे। प्रधानमंत्री सिंचाई योजना के तहत किसानों को लाभ दिया जा रहा है। बारिश से प्रदेश के कई किसानों की फसलों को नुकसान पहुंचा है। इसके लिए राज्य सरकारों का दायित्व है कि वे सर्वे कराके उनकी मदद
करें। केंद्र सरकार भी किसानों की मदद करेगी। भूमि अधिग्रहण बिल पर कहा कि जबरन किसी की जमीन नहीं ली जाएगी। इस मामले को विपक्ष अनावश्यक तूल दे रहा है। इस बिल का विरोध करने वाले विकास के बाधक हैं। सरकार किसानों को मौजूदा कीमत से पांच गुना मुआवजा दे रही है। किसानों को कोई आपत्ति नहीं है। बताया कि जेडीयू नेता शरद यादव ने महिलाओं पर की गई अपनी टिप्पणी के संबंध में माफी
मांगी है। अस्सी घाट स्थित एक कार्यक्रम में भाग लेने के बाद केंद्रीय राज्य मंत्री ने रात्रि में सर्किट हाउस में विश्राम किया। शनिवार की सुबह 5:30 बजे अस्सी घाट पर उदीयमान सूर्य को अर्ध्य देने के बाद आठ बजे मिर्जापुर चली जाएंगी।