लालपुर पांडेयपुर थाना अंतर्गत नईबस्ती कोहराना निवासी 85 वर्षीय वृद्ध की संदिग्ध हाल में कुएं में गिरने से मौत हो गई। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने शव को एनडीआरएफ की मदद से निकाल कर पंचनामा भरकर परिवार को सौंपा। परिजनों ने बताया कि 85 वर्षीय मुन्ना नाथ तिवारी चंदौली जिले के धानापुर क्षेत्र के लक्ष्मणगढ़ के मूल निवासी थे। शुक्रवार की रात लगभग डेढ़ बजे वह अपने घर से निकले। इसके बाद नईबस्ती वार्ड के पूर्व पार्षद राजेश यादव की गली में स्थित कुएं पर पहुंचे।
अपनी छड़ी और गमछा कुआं किनारे रखे। फिर ना जाने कैसे वह कुएं में जा गिरे। शनिवार की सुबह लोगों ने कुएं के किनारे पड़ी छड़ी और गमछा देखा। कुएं में झांककर देखा तो शव उतराया दिखा। इसकी सूचना पुलिस को दी गई। पांडेयपुर चौकी की पुलिस ने एनडीआरएफ की टीम बुलाकर शव को बाहर निकाल कर पंचनामा भरने के बाद इकलौते बेटे अनंत नाथ तिवारी उर्फ बबलू को सौंप दिया।
कटहलगंज के समीप शुक्रवार की रात चोलापुर थाने की पुलिस ने ईंट भट्ठा मालिकों और बिल्डिंग मटेरियल की दुकानों से उचक्कागिरी करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। प्रभारी निरीक्षक चोलापुर राजेश त्रिपाठी ने बताया कि खुशहाल नगर सेक्टर-ए के केशव प्रसाद सिंह और लेढ़ूपुर के अभिषेक को गिरफ्तार किया गया है। दोनों के पास से तीन मोबाइल, ड्राइविंग लाइसेंस, आधार कार्ड, पैन कार्ड और 1230 रुपये बरामद हुए हैं। दोनों गोरखपुर, मऊ और वाराणसी जिले के करीब एक दर्जन से ज्यादा ईंट-भट्ठा और बिल्डिंग मैटेरियल के व्यवसायियों से धोखाधड़ी कर चुके हैं।
करधना गांव में तीन दिन पहले आंगनबाड़ी कार्यकर्ता की चेन छीनने के मामले में शनिवार को दो आरोपी गिरफ्तार किए गए। दोनों की पहचान भदोही जिले के चौरी थाना के मई हरदोपट्टी गांव निवासी राजन राजभर और आशीष राजभर के रूप में हुई है।