विशेष न्यायाधीश (एमपी/एमएलए) की कोर्ट में अवधेश राय हत्याकांड में बुधवार को पूर्व विधायक अजय राय व चंद्रभूषण राय से फिर से जिरह पूरी कर ली गई। बचाव पक्ष के अधिवक्ता श्रीनाथ त्रिपाठी के प्रार्थना पत्र पर अदालत में पूर्व विधायक अजय राय के साथ साक्षी राजेन्द्र सिंह, साक्षी चंद्रभूषण राय व साक्षी तत्कालीन एसएसआई राजेंद्र सिंह को जरिये सम्मन तलब किया गया था।
साक्षी अजय राय व साक्षी चंद्रभूषण राय अदालत में उपस्थित हुए और उनसे जिरह की कार्यवाही पूरी की गई। जबकि साक्षी तत्कालीन एसएसआई राजेंद्र सिंह के बारे में इस आशय की रिपोर्ट दी गई कि मुकदमा अति प्राचीन होने की वजह से उनके बारे में कोई जानकारी नहीं प्राप्त हो सकी है।
जिस पर अदालत ने पुन: सम्मन जारी करते हुए जिलाधिकारी व पुलिस आयुक्त को आदेश दिया है कि वह पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था में गवाह को नियत तिथि 13 अक्तूबर को अदालत में पेश करें। अदालत में सुनवाई के दौरान अभियुक्त मुख्तार अंसारी बांदा जेल से जरिये वीडियो कांफ्रेंसिंग से पेश हुए।
तीन अगस्त 1991 को लहुराबीर में स्थित आवास के गेट पर ही अवधेश राय के ऊपर ताबड़तोड़ फायरिंग कर उनकी हत्या कर दी गई थी। अजय राय ने मुख्तार अंसारी, पूर्व विधायक अब्दुल कलाम, भीम सिंह, कमलेश सिंह व राकेश न्यायिक समेत अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था।