वाराणसी में रविवार को मणिकर्णिका घाट पर बढ़ा गंगा का जलस्तर। अमर उजाला
वाराणसी। सावन के अंतिम सोमवार को शहर में उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भीड़ और यातायात के दबाव को देखते हुए रविवार शाम काशी जोन में पुलिस ने विशेष अभियान चलाया। गंगा घाटों की तरफ जाने वाले रास्ते को बंद कर दिया गया है। पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने संबंधित थानों को निर्देशित किया कि गंगा घाटों की तरफ कोई भी श्रद्धालु न जाने पाए।
गंगा घाटों से जुड़े मार्गों पर पुलिस को विशेष एहतियात बरतने और निगरानी रखने के निर्देश दिए गए। गलियों में भी बैरिकेडिंग कर घाटों पर जाने वाले मार्गों को प्रतिबंधित किया जाए। काशी जोन के सभी घाटों के डूबने के बाद गलियों में भी बाढ़ का पानी बढ़ रहा है। ड्रोन से भी निगरानी की जा रही है। पुलिस आयुक्त ने कांवड़िया मार्ग पर विशेष निगरानी बरतने को लेकर मातहतों को निर्देश दिए। यातायात पुलिस ने मैदागिन, रथयात्रा, लहुराबीर चौराहे और भेलूपुर-सोनारपुरा मार्ग पर अतिक्रमण व अवैध पार्किंग के खिलाफ कार्रवाई की। मैदागिन-गोदौलिया और गोदौलिया-दशाश्वमेध मार्गों को नो व्हीकल जोन घोषित करने के आदेश का अनुपालन भी जांचा गया।