प्रवासी भारतीय सम्मेलन के दौरान बनारस की यातायात व्यवस्था को सुगम बनाए रखने के लिए 20 से 23 जनवरी तक रूट डायवर्ट किया गया है। एसपी ट्रैफिक सुरेश चंद्र रावत ने अपील की है कि आमजन रूट डायवर्जन का पालन कर यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने में सहयोग दें।
वरुणा पार क्षेत्र में चार दिन रूट डायवर्ट
demo pic
- कैंट स्टेशन की तरफ से जो बसें अंधरापुल से नदेसर, मिंट हाउस, जेपी मेहता से भाजूबीर होकर गिलट बाजार की तरफ जाती हैं उन्हें जेपी मेहता तिराहे से मोड़ कर सनबीम स्कूल जेल रोड होकर गिलट बाजार से भेजा जाएगा।
- बसें जो पुलिस लाइन तिराहा से अर्दली बाजार होकर भोजूबीर, गिलट बाजार की तरफ जाती हैं उनको पुलिस लाइन चौराहे से ही पांडेयपुर चौराहे की तरफ मोड़कर लालपुर होते हुए रिंग रोड से हरहुआ की तरफ भेजा जाएगा।
- जनपद जौनपुर की तरफ से आने वाली बसों को गिलट बाजार से दाएं मोड़ कर शिवपुर चुंगी होते हुए जेपी मेहता होकर आशियाना, नदेसर, घौसाबाद रोड से रोडवेज की तरफ भेजा जाएगा।
- जनपद गाजीपुर की तरफ से आने वाली बसें आशापुर चौराहे से चंद्रा चौराहा, कज्जाकपुरा तिराहा होते हुए गोलगड्डा, लकड़ी मंडी से चौकाघाट ओवरब्रिज पर चढ़कर रोडवेज कैंट की तरफ जाएंगी। साथ ही, इसी मार्ग से वापस गाजीपुर की तरफ जाएंगी। यह बसें किसी भी दशा में सिंह मेडिकल अथवा अंधरापुल की तरफ नहीं आएंगी।
- जनपद चंदौली, सोनभद्र, मिर्जापुर, भदोही एवं प्रयागराज की तरफ से आने वाली समस्त बसें चांदपुर तक आएंगी और यहीं से सवारी भर कर पुन: वापस लौटेंगी।
- जनपद आजमगढ़ की तरफ से आने वाली बसें पूर्व की भांति अपने निर्धारित मार्ग से आती-जाती रहेंगी।
- कचहरी की तरफ से पांडेयपुर आने वाले आटो रिक्शा, ई-रिक्शा पांडेयपुर चौराहे से पहले हिमांशु हास्पिटल के सामने ओवरब्रिज के नीचे खड़े होंगे और वहीं से सवारी लेकर पुन: कचहरी की तरफ जाएंगे।
- आजमगढ़ की तरफ से आने वाले आटो रिक्शा, ई-रिक्शा राय साहब के बगीचा तक आएंगे और वहीं से पुन: सवारी लेकर वापस जाएंगे।
- आशापुर की तरफ से पुल के नीचे पांडेयपुर आने वाले आटो रिक्शा, ई-रिक्शा पांडेयपुर चौकी से पहले ओवरब्रिज के नीचे खड़े होंगे और वहीं से सवारी लेकर आशापुर की तरफ जाएंगे।
एसपीजी आज से संभाल लेगी सुरक्षा
प्रवासी भारतीय सम्मेलन के दौरान शहर आ रहे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर एसपीजी के अधिकारियों का एक दल शनिवार को शहर पहुंच जाएगा। जिला पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों के साथ एसपीजी के अधिकारी बाबतपुर एयरपोर्ट, ऐेढ़े स्थित टेंट सिटी और बड़ा लालपुर स्थित दीनदयाल हस्तकला संकुल व स्टेडियम में एडवांस सिक्योरिटी लायजनिंग (एएसएल) बैठक कर सुरक्षा व्यवस्था की कार्ययोजना को अंतिम रूप देंगे।प्रवासी भारतीय सम्मेलन की सुरक्षा व्यवस्था की मॉनीटरिंग एडीजी जोन पीवी रामाशास्त्री करेंगे।
सम्मेलन के मद्देनजर टेंट सिटी में पुलिस का कंट्रोल रूम शनिवार से काम करने लगेगा और छह हेल्पलाइन नंबर काम करेंगे। एसएसपी आनंद कुलकर्णी ने शुक्रवार को बताया कि सम्मेलन से संबंधित आयोजन स्थलों पर शनिवार से 10 हजार से ज्यादा फोर्स तैनात हो जाएगी। पुलिस, पीएसी और सेंट्रल पैरामिलिट्री फोर्स के सुरक्षा घेरे कोे एटीएस के कमांडो मजबूती देंगे।
जिले में पहले से मौजूद यूपी 100 के 54 पीआरवी के अलावा दूसरे जनपदों के 50 पीआरवी को तैनात किया गया है। गंगा घाटों, प्रमुख होटलों और शहर के पर्यटन स्थलों सहित भीड़भाड़ वाले सभी स्थानों पर पुलिस, पीएसी और सीपीएमएफ के जवान तैनात रहेंगे। आयोजन स्थलों के साथ ही शहर भर में पांच सौ सीसी कैमरे लगाए गए हैं।
एसएसपी ने बताया कि प्रवासी भारतीय सम्मेलन में पुलिस की भूमिका पर एक फिल्म बनाई जाएगी। इस फिल्म में पुलिसकर्मियों के कामकाज, हावभाव, व्यवहार और बातचीत के तौरतरीके पर फोकस किया जाएगा। यह फिल्म यूपी पुलिस की अच्छी छवि को प्रदेश और देश के साथ ही दुनिया भर में प्रदर्शित करेगी।
एक नजर में
- 10 आईपीएस संभालेंगे व्यवस्था की कमान
- 20 एएसपी, 43 डीएसपी रहेंगे तैनात
- 4,000 होगी दरोगा और सिपाहियों की संख्या
- 350 पुलिसकर्मी सूट-बूट में रहेंगे तैनात
- 11,500 से अधिक जवान 19 जनवरी से होंगे तैनात
- 10 कंपनी पीएसी और आठ कंपनी सेंट्रल पैरामिलिट्री फोर्स
- 500 सीसी कैमरों से भी होगी निगरानी
- 18 वॉच टॉवर से निगरानी की जाएगी
- एटीएस कमांडो, बम निरोधक दस्ता, डॉग स्क्वॉड, एंटी माइंस डिटेक्शन यूनिट और अग्निशमन दस्ता प्रत्येक कार्यक्रम स्थल पर तैनात रहेगा