आईआईटी बीएचयू अब इनडोर के साथ ही आउटडोर खेलों को भी प्रोत्साहित करेगा। जल्द ही आईआईटी का जिमखाना और एथलेटिक्स मैदान फ्लड लाइट से रौशन होगा। साथ ही क्वींस पैवेलियन के कायाकल्प की भी तैयारी है।
मैदान में फ्लड लाइट लगाने का काम अगले महीने तक पूरा हो जाएगा। इसके बाद यहां रात में एथलेटिक्स और फुटबाल के मैच खेले जा सकेंगे।
आईआईटी बीएचयू के खेल परामर्शदाता डॉ. सतीश कन्नौजिया के मुताबिक जिमखाना मैदान और टेक्नो ग्राउंड में फ्लड लाइट लगाने का काम जारी है। दिल्ली की वेंचुरा कंपनी को इसका ठेका दिया गया है।
इसके लिए पोल का आधार तैयार कर लिया गया है। नवंबर तक काम पूरा हो जाएगा। बताया कि जिमखाना स्थित फुटबाल मैदान पर चार फ्लड लाइट लगेंगी। इस काम में एक करोड़ 40 लाख रुपये खर्च होंगे। मैदान से 25 मीटर की ऊंचाई पर लाइट लगेगी। एक पोल पर फिलहाल दो-दो किलोवाट की 14 लाइट लगेंगी।
इसी तरह जिमखाना मैदान के ठीक पीछे स्थित टेक्नो ग्राउंड, जहां एथलेटिक्स ट्रैक हैं, वहां भी दूधिया रौशनी की मुकम्मल व्यवस्था होगी। दोनों मैदानों पर भूमिगत केबिल बिछाने का काम अंतिम चरण में है। इसके पूरा होते ही लाइट लगाने का काम शुरू हो जाएगा। कन्नौजिया ने बताया कि यह काम 20 अक्तूबर तक पूरा होना था मगर किन्हीं कारणों से यह एक महीने विलंबित हो गया।