यूपी के आजमगढ़ में सोमवार को तीन बाइक पर सवार छह बदमाशों ने शराब कारोबारी के मैनेजर और मुंशी को तमंचे से भयभीत कर 10.14 लाख रुपये लूट लिए। एसपी सिटी और सीओ सिटी आदि ने घटनास्थल कोटिला पोखरी पर जाकर जांच की और जगह-जगह चेकिंग शुरू करा दी पर देर शाम तक कोई सफलता नहीं मिली।
घटना दोपहर में घटी थी। इस मामले में अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर किया गया है। सीओ सिटी के मुताबिक रानी की सराय बाजार निवासी संतोष गुप्ता के पास देसी और अंग्रेजी शराब की कई दुकानें हैं, जिनकी देखभाल मैनेेजर चकसेठवल गांव निवासी जयभारत गुप्ता करते हैं।
जयभारत रानी की सराय कस्बे में स्थित आफिस में बैठते हैं। सोमवार को जयभारत मुंशी चकबेरवां गांव निवासी गोविंद श्रीवास्तव के साथ 10.14 लाख रुपये लेकर बाइक से यूनियन बैंक कोटिला के लिए रवाना हुए।
आजमगढ़-वाराणसी मुख्य मार्ग पर कोटिला पोखरे के पास तीन बाइक पर सवार छह बदमाशों ने इन्हें ओवरटेक कर रोक लिया और दोनों को तमंचा सटाकर रुपये से भरा बैग छीनकर भाग गए। जयभारत की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
एसपी सिटी सुभाष चंद्र गंगवार ने बताया कि करीब 10.14 लाख रुपये की लूट की बात सामने आई है। वारदात असलहे से लैश तीन बाइक पर सवार छह बदमाशों द्वारा अंजाम देने की बात कही गई है। पुलिस पास के एक दुकान के सीसी टीवी की फुटेज को खंगालने के साथ हर पहलू की गहनता से जांच कर रही है।