कार्रवाई के दौरान एसआई शाहजादा खां और एसआई विनय मौर्य की टीम ने चिड़ियाघर के पास संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर आरोपी को पकड़ लिया। तलाशी में उसके पास से कुछ संदिग्ध सामान भी बरामद किया गया। पूछताछ में आरोपी ने डकैती की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली।
एसटीएफ की पूछताछ में शुभम सिंह ने बताया कि 13 जनवरी 2026 को उसने अपने साथी विशाल के कहने पर वारदात को अंजाम दिया था। घोसी थाना क्षेत्र के पिंडवल मोड़ के पास उन्होंने सराफा व्यवसायी को असलहे के बल पर आतंकित कर सोने और चांदी के आभूषण लूट लिए थे। इस घटना में बिलरियागंज निवासी मोनू यादव, मोहम्मदाबाद निवासी विशाल, शिवम सोनकर और राहुल यादव समेत अन्य युवक भी शामिल थे।
वारदात के बाद लूटे गए आभूषणों को मोनू यादव ने बेच दिया और उससे प्राप्त रकम को आपस में बांट लिया गया। पुलिस के अनुसार, आरोपी शुभम सिंह के खिलाफ मऊ जिले में पहले से ही कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। फिलहाल एसटीएफ आरोपी से पूछताछ कर उसके अन्य साथियों की तलाश में जुटी है और आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।