Amrit Yojana: अमृत 2.0 योजना के तहत नगर निगम के वरुणा पार, रामनगर और सूजाबाद सहित 18 वार्डों में 814 करोड़ रुपये की पेयजल परियोजनाओं को शासन से शनिवार को प्रशासनिक और वित्तीय स्वीकृति मिल गई। आधुनिक तकनीक से लैस इन परियोजनाओं का शिलान्यास जल्द ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करेंगे।
इसकी मदद से पेयजल का बुनियादी ढांचा मजबूत किया जाएगा। 651 किलोमीटर की नई पाइपलाइन बिछाई जाएगी। इसका सीधा फायदा करीब तीन लाख की आबादी को मिलेगा। शुद्ध जल की आपूर्ति के लिए 67,886 घरों को जोड़ा जाएगा।
पानी के भंडारण और उचित दबाव के लिए 18 नए ओवरहेड टैंक और 22 भूमिगत जलाशयों (सीडब्ल्यूआर) का निर्माण किया जाएगा। इस पूरी प्रणाली की सबसे बड़ी विशेषता इसका स्काडा तकनीक से लैस होना है। इस तकनीक के माध्यम से जल निगम के कंट्रोल रूम से ही पानी की आपूर्ति, लीकेज और दबाव की निगरानी की जाएगी। इससे पानी की बर्बादी रुकेगी। दूषित पेयजल की आपूर्ति नहीं होगी।