अज्ञात के खिलाफ पुलिस ने दर्ज किया केस
- फोटो : demo
मऊ शहर कोतवाली के नरईबांध मुहल्ला स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा से शनिवार को दो लाख 65 हजार रुपये निकाल कर घर लौट रहे व्यापारी को बाइक सवार दो बदमाशों ने ओवरब्रिज पर तमंचा सटाकर लूट लिया। वारदात के बाद बदमाश खुरहट की तरफ भाग गए।
व्यापारी ने सौ नंबर पर सूचना देने की कोशिश की, लेकिन फोन रिसीव नहीं हुआ। उसने बदमाशों का कुछ दूर तक पीछा भी किया, लेकिन पकड़ नहीं पाया।
दक्षिण टोला के छित्तनपुरा मुहल्ला निवासी व्यापारी सुहैल अहमद की रघुनाथपुरा मुहल्ले में साड़ी की दूकान है।
शनिवार को सुहैल ने नरईबांधा स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा की शाखा से 2.65 लाख रुपये निकाले। रुपये बाइक की डिग्गी में रखकर वह घर के लिए चला। बाइक सवार बदमाश बैंक से ही व्यापारी के पीछे लगे थे। जब व्यापारी सेल टैक्स गली पार कर मुंशीपुरा ओवरब्रिज पर पहुंचा, तो बदमाशों ने ओवरटेक कर रोका और तमंचा सटाकर 2.65 लाख रुपये लूट लिए।
इसके बाद बदमाश मिर्जाहादी पुरा होते हुए खुरहट की तरफ भाग गए। व्यापारी ने100 नंबर पर फोन भी मिलाया लेकिन रिसीव नहीं हुआ। पीडि़त ने बदमाशों का पीछा किया, लेकिन वे फरार हो गए। बाद में व्यापारी ने पुलिस को सूचना दी।
पुलिस ने व्यापारी की तहरीर पर अज्ञात बदमाशों पर रिपोर्ट दर्ज कर ली। पुलिस को सीसी टीवी कैमरे से बदमाशों का फुटेज मिल गया है।