शहर में फिर स्ट्रीट लाइटें बंद नजर आ रही हैं। ऐसा दो विभागों की खींचतान में हो रहा है। जर्जर तारों को हटाने के लिए बिजली निगम की ओर से तारों को बदला जा रहा है। बिजली कर्मी तार बदलकर कनेक्शन नहीं जोड़ रहे हैं। नगर निगम कर्मियों का कहना है कि कनेक्शन बिजली निगम को जोड़ना चाहिए।
क्षेत्र में बंद स्ट्रीट लाइटों के लिए पार्षदों ने आवाज उठाना शुरू कर दिया है। लल्लापुरा, हुकुलगंज, पांडेयपुर, दुर्गाकुंड आदि वार्ड के पार्षदों का कहना है कि कुछ दिन पहले स्ट्रीट लाइटें ठीक कराई गई थीं। पार्षदों ने बिजली निगम के कर्मचारियों पर लापरवाही का आरोप लगाया है। कहा कि जैसे बिजली आपूर्ति का कनेक्शन जोड़ रहे हैं वैसे ही स्ट्रीट लाइट का भी जोड़ना चाहिए। सड़कों पर अंधेरा होने के कारण लोग परेशान हैं।