केंद्रीय मानव संसाधन विकास राज्यमंत्री डॉ. महेंद्र नाथ पांडेय ने रविवार को फुलवरिया गेट नंबर दो पर फुलवरिया मार्ग के चौड़ीकरण कार्य का शिलान्यास किया। अभी इस सड़क की चौड़ाई 10 फीट है, जो चौड़ीकरण के बाद बढ़कर 30 फीट हो जाएगी। इस पर पांच-पांच फिट का फुटपाथ भी होगा। यह वही रास्ता है, जिसे खुलवाने के लिए समाजवादी नेता लोकबंधु राजनारायण ने 46 साल पहले धरना दिया था।
केंद्रीय मंत्री ने शिलान्यास के बाद कहा कि इस सड़क की मरम्मत के लिए 11 लाख रुपये उन्होंने अपनी सांसद निधि से दिया है। सड़क चौड़ीकरण के लिए 18.726 एकड़ जमीन सेना देगी। 3.17 करोड़ की लागत से इस मार्ग का चौड़ीकरण कराया जाएगा। इसका निर्माण मिलिट्री इंजीनियरिंग सर्विस (एमईएस) कराएगा। निर्धारित समय में काम हो, इसका पूरा ख्याल रखा जाएगा। इस मार्ग की चौड़ाई बढ़ने से हजारों लोगों को आवागमन में सहूलियत होगी। लंबे समय से लोग इसकी मांग कर रहे थे।
इस दौरान छावनी परिषद के उपाध्यक्ष चंद्रकेशव के नेतृत्व में सदस्य शैलेंद्र सिंह, संगीता, राजकुमार दास, शैलजा श्रीवास्तव आदि ने ज्ञापन सौंपा और फोरलेन निर्माण की जगह चौड़ीकरण कराए जाने के औचित्य पर सवाल उठाया। इस मौके पर रक्षा संपदा मध्य कमान लखनऊ के निदेशक एसएच खान, मुख्य अधिशासी अधिकारी छावनी सी दिनेश कुमार रेड्डी, छावनी परिषद की सीईओ प्रोमिला जायसवाल के अलावा विधायक रवींद्र जायसवाल, एमएलसी केदारनाथ सिंह, महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि, श्रीनिकेतन मिश्र आदि मौजूद रहे।