शहर की सभी प्रमुख सड़कों को चमकाने का काम मंगलवार से शुरू हो जाएगा। पीडब्ल्यूडी ने सभी कार्यदायी एजेंसियों को 15 दिन की मोहलत दी है। ताकि इस दौरान जो भी खुदाई से जुड़े कार्य करने हैं, वे पूरी करा लें। इसके बाद सड़क बनाने का काम शुरू होगा। एक बार सड़क बनने के बाद यदि कोई एजेंसी खुदाई करेगी तो उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जाएगी।
पीडब्ल्यूडी की कार्ययोजना के अनुसार दुर्गा पूजा से पहले सभी सड़कों को दुरुस्त कराना है। 15 सितंबर से शुरू कराने की कार्ययोजना पीडब्ल्यूडी ने बनाई है। पहले चरण में उन सड़कों को बनाया जाएगा जहां पर खुदाई का काम नहीं होना है। इसके बाद जिन सड़कों पर हल्का पैचवर्क है, उनको बनाया जाएगा। इसके अलावा जिन सड़कों पर कार्यदायी एजेंसियां खुदाई का काम कर रही हैं। उन्हें 15 दिन का समय दिया गया है। ताकि इस दौरान वे अपना काम पूरा करा लें। एक अक्टूबर से इन सड़कों की मरम्मत का काम शुरू हो जाएगा। पीडब्ल्यूडी के अधीक्षण अभियंता एसके अग्रवाल ने बताया कि सभी सड़कों का सर्वे करा लिया गया है। उधर नगर निगम ने भी अपनी सड़कों को दुरुस्त कराने का काम शुरू करा दिया है।