कपसेठी और मिर्जामुराद सीमा स्थित मिल्कीपुर के पास मूर्ति विसर्जन के दौरान बुधवार की शाम उपद्रवियों ने जमकर तोड़फोड़ और हंगामा किया। उपद्रवियों ने कछवा मार्ग पर नहर पुलिया के पास लगे विश्राम शेड को तोड़ दिया। पुलिस और स्थानीय लोगों ने लाठी भांजकर उपद्रवी युवकों को खदेड़ा। कपसेठी पुलिस ने पांच युवकों को हिरासत में लिया।
कपसेठी के बजरडीहा गांव की प्रतिमा के साथ नशे में धुत होकर विसर्जन में आए युवकों में कहासुनी हो गई। उपद्रवी युवकों ने तोड़फोड़ शुरू कर दिया। स्थानीय युवकों और ड्यूटी में तैनात पुलिसकर्मियों ने खदेड़ना शुरू किया। इस दौरान पुलिस ने पांच युवकों को पकड़ा। कपसेठी थाना प्रभारी बैद्यनाथ सिंह के अनुसार युवकों को हिरासत में लिया गया। अभी तक किसी ने कोई तहरीर नहीं दी है।
कपीसा में बुधवार की देर शाम अनियंत्रित ट्रक नीम के पेड़ से टकरा गई। हादसे में चालक ट्रक के केबिन में फंस गया। लगभग चार घंटे रेस्क्यू कर चालक को निकाला गया। चालक को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां, उसकी हालत गंभीर बताई गई है।
सोनभद्र के मारकुंडी चोपन निवासी चालक शगुन ट्रक लेकर आ रहा था कि अचानक कपीसा में नीम के पेड़ में टकरा गया। केबिन में फंसे ट्रक चालक को बाहर निकालने के लिए चार घंटे लग गए। चोलापुर पुलिस के अनुसार गैस वेल्डिंग कटर से केबिन को काटकर चालक को बाहर निकाला गया। उधर, लाखी तालाब के समीप बाइक सवार नीम के पेड़ में टकरा गया। दानगंज झरिया की ओर से आते समय पेड़ में भिड़ गया। युवक की हालत गंभीर है।
मिल्कीचक गांव के सामने बुधवार की शाम को ट्रेन से कटकर युवक की मौत हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भिजवाया। पुलिस के अनुसार युवक की शिनाख्त राजातालाब थाना अंतर्गत धानापुर परियरा निवासी रंजीत राजभर (38) के रूप में हुई। मौके पर पहुंचे पिता लालधारी राजभर बेसुध रहे।