वाराणसी के मुर्दहा बाजार में रविवार सुबह तेज रफ्तार मालवाहक वाहन की टक्कर से बाइक सवार बुजुर्ग पुजारी की मौत हो गई। हादसे के बाद चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। उधर, हादसे की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
जौनपुर जिले के केराकत थाना अंतर्गत स्थित उदयचंदपुर केरहने वाले हीरालाल तिवारी (60) बाइक से शहर जा रहे थे। मुर्दहा बाजार के समीप विपरीत दिशा से आ रहे वाहन से बाइक की टक्कर हो गई। हादसे में घटनास्थल पर ही हीरालाल तिवारी की मौत हो गई।
चालक वाहन छोड़ कर फरार
इस दौरान आसपास के लोगों के जुटने से पूर्व ही चालक वाहन छोड़ फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लिया और परिजनों को सूचना दी। वहीं पिकअप को भी कब्जे में ले लिया। पुलिस के मुताबिक हीरालाल कर्मकांडी ब्राह्मण थे और शिव मंदिर के पुजारी थे। चोलापुर थाना प्रभारी ने बताया कि वाहन के रजिस्ट्रेशन नंबर की मदद से आरोपी चालक को चिह्नित कर गिरफ्तार कर लिया जाएगा।