मुगलसराय -चकिया राजमार्ग पर डवक चौकी अंतर्गत मुरेराडीह गांव के पास रविवार की सुबह करीब दस बजे जीप और बाइक की टक्कर में किशोर समेत दो लोगों की मौत हो गई जबकि एक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे की खबर लगते ही पहुंचे ग्रामीणों ने सड़क को जाम कर दिया। करीब दो घंटे बाद उच्चाधिकरियों के आश्वासन पर ग्रामीणों ने जाम समाप्त कर दिया। मुआवजा और चालक को गिरफ्तार करने की मांग कर रहे थे। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
जमालपुर थाना क्षेत्र के पिड़खीर गांव निवासी संदीप कुमार (21) रविवार की सुबह लल्लन (55) निवासी पिड़खीर एवं सोनभद्र के सुकृत चौकी के खानेआजमपुर निवासी अपने रिश्तेदार प्रभु उर्फ राधे (53) के साथ एक ही बाइक से परिवार के एक युवक की शादी के लिए लड़की देखने चंदौली के मवैया गांव जा रहे थे। बाइक सवार जैसे ही मुरेराडीह गांव के पास पहुंचे कि रास्ते पर सवारी उतार रही जीप को क्रास करते समय विपरीत दिशा से आ रहे ओवरलोड ट्रक से भिडंत हो गई।
हादसे में संदीप कुमार पुत्र मुन्ना की तत्काल मौके पर मौत हो गई। वहीं प्रभु उर्फ राधे तथा लल्लन गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने दोनों को ग्रामीणों की मदद से चंदौली जनपद के मंडलीय अस्पताल पहुंचाया। जहां इलाज के दौरान प्रभु उर्फ राधे ने भी दम तोड़ दिया। वहीं घायल लल्लन को चंदौली से ट्रामा सेंटर वाराणसी के लिए रेफर कर दिया गया।
घटना की खबर लगते ही पहुंचे ग्रामीणों ने सड़क जाम कर दिया। मौके पर पहुंचे जमालपुर थानाध्यक्ष एवं बबुरी थानाध्यक्ष ने लोगों को समझा बुझाकर जाम हटवाने का प्रयास किया लेकिन ग्रामीण नहीं माने। ग्रामीण चालक पर तत्काल मुकदमा दर्ज करने एवं मुआवजा देने की मांग कर रहे थे।
थाना प्रभारी के उच्चाधिकारियों से बात कर उचित मुआवजा एवं विधिक कारवाई के आश्वासन पर ग्रामीणों ने करीब डेढ़ बजे जाम समाप्त किया। मौके पर चकिया क्षेत्राधिकारी भी पहुंच गए। दुर्घटना के बाद ट्रक चालक एवं खलासी ट्रक छोड़कर मौके से फरार हो गए। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया है। मृतक संदीप के पिता मुन्ना ने ट्रक ड्राइवर के खिलाफ थाने में तहरीर दिया। दुर्घटना की जानकारी होने पर उपजिलाधिकारी चुनार भी थाने पर पहुंच गए।