यूपी के भदोही में गोपीगंज थाना क्षेत्र के जगरनाथपुर पेट्रोल पंप के पास रविवार देर रात बाइक सवार को बचाने में तेज रफ्तार पिकअप सड़क किनारे पलट गई। हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई जबकि पिकअप सवार 12 लोग घायल हो गए। हादसे के बाद पिकअप चालक भाग निकला।
मिर्जापुर के चील्ह थाना क्षेत्र से एक ही घर के 18 लोग पिकअप से बधावा लेकर गोपालपुर सीतामढ़ी गए थे। वहां से देर रात लौटते समय जगरनाथपुर में पिकअप के आगे बाइक सवार आ गया। उसे बचाने के चक्कर में चालक का वाहन से नियंत्रण खत्म हो गया। इससे पिकअप पलट गई।
हादसे में टिल्लू (40), राजकुमार (25) और विनोद (35) की मौत हो गई। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घायलों को नगर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाकर भर्ती कराया गया।
पुलिस के अनुसार छह घायलों की हालत गंभीर होने पर वाराणसी के ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक दुर्घटना के बाद पिकअप चालक फरार हो गया।