हादसे में घायलों का अस्पताल में चल रहा इलाज
- फोटो : amar ujala
आजमगढ़ के दीदारगंज थाना क्षेत्र के पल्थी बाजार स्थित यूनियन बैंक के पास शनिवार को दिन में पौने बारह बजे तेज रफ्तार पिकअप गड्ढे में पलट गई। उसमें सवार चार लोगों की मौत हो गई जबकि 23 घायल हो गए। सभी लोग एक महिला का अंतिम संस्कार करने दुर्वासा धाम जा रहे थे।
दीदारगंज थाने के आमगांव निवासी राममिलन राजभर की मां सावित्री देवी (70) की मौत हो गई थी। सभी लोग अंतिम संस्कार के लिए दुर्वासा धाम पर जा रहे थे। शव ट्राली में रखकर गांव के लोग ट्रैक्टर पर बैठे हुए थे जबकि 27 लोग पिकअप के ढाले में खड़े होकर जा रहे थे।
ओवरलोड पिकअप तेज गति से जा रही थी। पल्थी बाजार में यूनियन बैंक के पास पहुंची कि गड्ढे में पलट गई। उसकी गति इतनी तेज थी कि तीन बार पलटने के बाद वह पुन: सीधी खड़ी हो गई।
गंभीर रूप से घायल दीदारगंज थाने के आमगांव निवासी संतोष राजभर (30), पंचम राजभर (60) बरदह थाने के अमनावे गांव निवासी जगदीश राजभर और जौनपुर जिले के शाहगंज थाने के आरंध गांव निवासी सतीश (30) की मौत हो गई। घायलों में 11 का इलाज जिला अस्पताल, पांच लोगों का सीएचसी फूलपुर में और अन्य को निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया।