उम्मीद जताई जा रही है कि सितंबर तक इस परियोजना की सभी कागजी कवायद पूरी कर निर्माण शुरू कराया जाएगा। रामनगर से राजघाट तक गंगा के समानांतर लगभग सात किमी लंबी फोरलेन सड़क और अन्य विकास कार्यों के लिए 26 सौ करोड़ रुपये का बजट आवंटित किया गया है।
इस सड़क का गंगा पार रेती से सीधा जुड़ाव होने के कारण चंदौली, मिर्जापुर, बिहार और मध्यप्रदेश सहित अन्य नगरों के यात्रियों व श्रद्धालु बिना नगर में प्रवेश किए सीधे गंगा घाटों पर पहुंच जाएंगे। इसके साथ ही यहां लगभग 10 हजार वाहनों की पार्किंग, पार्क, सौंदर्यीकरण सहित अन्य कार्य भी कराए जाएंगे।
इस परियोजना में नमो घाट, दशाश्वमेघ घाट और राजघाट के सामने फोरलेन सड़क से लिंक मार्ग पर जेटी बनाई जाएगी। तीन जेटी को एक ही सड़क से लिंक कर तैयार किया जाएगा और हर घाट के सामने तीन तीन जेटी बनाई जाएंगी। सात किमी सड़क पर नौ जेटी के जरिए जल परिवहन को भी जोड़ा जाएगा। फोरलेन के एक तरफ के मार्ग की चौड़ाई नौ मीटर होगी तथा इसके साथ ही सात मीटर चौड़ी एक सर्विस रोड का भी निर्माण होगा।
मंडलायुक्त दीपक अग्रवाल ने कहा कि रिवर फ्रंट योजना के लिए सर्वे का काम पूरा होने वाला है और इसके साथ ही आगे की प्रक्रिया शुरू कराई जाएगी। हमारा प्रयास है कि सितंबर से इस परियोजना का काम शुरू करा दिया जाए। इसके लिए भी सभी आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।