युवाओं में इन दिनों परीक्षाएं छोड़ने का ट्रेंड बढ़ा है। इसका अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि बीते एक महीने में कराई गईं 6 प्रतियोगी परीक्षाओं में 1.17 लाख युवाओं ने परीक्षा छोड़ दी है। यह स्थिति कोरोना काल के बाद हुई परीक्षाओं में सबसे अधिक रही। लंबे अंतराल के दौरान कई छात्रों की तैयारी और कॅरिअर प्लान बदल गए। कुछ अभ्यर्थी दूसरी नौकरियों में चले गए तो कुछ ने दूसरी प्रतियोगी परीक्षाओं पर फोकस कर लिया।
कई बड़ी परीक्षाओं के आंकड़े बताते हैं कि आवेदन करने वालों और परीक्षा देने पहुंचने वाले युवाओं की संख्या में बड़ा अंतर है। यूपी पुलिस भर्ती, यूपीएससी, टीजीटी, नीट, टीईटी, प्रवक्ता आदि परीक्षाओं में 1.17 लाख अभ्यर्थियों ने परीक्षा छोड़ दी।
विशेषज्ञों की मानें तो इसके पीछे तैयारी पूरी नहीं होना, सेंटर की दूरी, खर्च, दूसरी परीक्षाओं की डेट टकराना जैसी वजहें हो सकती हैं। इस वर्ष मई और 20 जून तक करीब 6 प्रतियोगी परीक्षाएं हुईं। इनमें वाराणसी में पंजीकृत अभ्यर्थियों की संख्या 372856 थी। इनमें से 256565 ने परीक्षा दी, 116312 ने परीक्षा छोड़ दी।
सबसे ज्यादा प्रवक्ता पुलिस भर्ती की छोड़ी
बीते एक महीने में हुई प्रतियोगी परीक्षाओं में सबसे अधिक प्रवक्ता की परीक्षा में अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। इसमें 19134 पंजीकृत थे। जिसमें से 6679 ने परीक्षा दी 12455 ने छोड़ दी। तीन दिवसीय पुलिस भर्ती परीक्षा में कुल 38346 ने परीक्षा छोड़ दी। ऐसे ही दो दिवसीय टीजीटी परीक्षा में 32633 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे।
यूपीएससी में एक तिहाई अभ्यर्थी रहे अनुपस्थित
यूपीएससी सिविल सर्विसेज प्रीलिम्स परीक्षा में करीब 33 प्रतिशत अभ्यर्थी एग्जाम देने नहीं पहुंचे। परीक्षा के लिए जिले में 32050 अभ्यर्थी पंजीकृत थे। इसमें 21320 ने परीक्षा दी और 10720 ने छोड़ दी।
कई छात्र एक साथ कई परीक्षाओं की तैयारी करते हैं। कई छात्र परीक्षा को लेकर तनाव में रहते हैं। इसका कारण तैयारी अधूरी होना, फेल होने के डर होना और परिणाम को लेकर ज्यादा सोचना हो सकता है। छात्रों को चिंता नहीं करनी चाहिए और शांत मन से तैयारी कर परीक्षा में शामिल होना चाहिए। -डॉ. बनानी घोष, मंडलीय मनोवैज्ञानिक
परीक्षा और परीक्षार्थियों का विवरण
तिथि - परीक्षा का नाम - पंजीकृत - उपस्थित - अनुपस्थित
21 मई - लेखपाल भर्ती - 21024 - 17632 - 3392
24 मई - यूपीएससी प्री - 32050 - 21320 - 10720
31 मई - यूपी बीएड - 96436 - 85457 - 10979
31 मई - सहायक आचार्य - 13035 - 6248 - 6787
03 से 04 जून - टीजीटी - 59075 - 25113 - 32633
08 से 10 जून - पुलिस भर्ती - 132192 - 94116 - 38346
14 जून - प्रवक्ता - 19134 - 6679 - 12455
योग - 372856 - 256565 - 1163212