अध्यक्ष अजीत सिंह बग्गा ने कहा कि बीते 10 से 15 दिनों में चीनी के मूल्य में अप्रत्याशित वृद्धि हुई है। इससे बेकरी, मिठाई, टॉफी और कंफेक्शनरी से जुड़े छोटे व कुटीर उद्योग प्रभावित हुए हैं।
काशी बिस्किट एंड कंफेक्शनरी व्यापार मंडल की आपात बैठक बृहस्पतिवार को अध्यक्ष अजीत सिंह बग्गा के सिगरा स्थित आवास पर हुई। बैठक में चीनी के लगातार बढ़ते मूल्य को लेकर व्यापारियों ने गहरी चिंता और रोष व्यक्त किया। व्यापारियों ने कहा कि चीनी की कीमत में अप्रत्याशित वृद्धि से बेकरी, मिठाई, टॉफी और कंफेक्शनरी से जुड़े छोटे व कुटीर उद्योगों के सामने गंभीर संकट खड़ा हो गया है।
विज्ञापन
अध्यक्ष अजीत सिंह बग्गा ने कहा कि बीते 10 से 15 दिनों में चीनी के मूल्य में अप्रत्याशित वृद्धि हुई है। इससे बेकरी, मिठाई, टॉफी और कंफेक्शनरी से जुड़े छोटे व कुटीर उद्योग प्रभावित हुए हैं। प्रदेश उपाध्यक्ष रमेश निरंकारी ने कहा कि त्योहारी सीजन में चीनी की कीमत बढ़ने का सीधा असर आम लोगों की जेब पर पड़ेगा।
आने वाले दिनों में रक्षाबंधन और दुर्गा पूजा जैसे बड़े त्योहार के चलते बाजार में मिठाइयों की मांग बढ़ेगी। ऐसे में चीनी की बढ़ी लागत से मिठाइयों के दाम बढ़ने की आशंका है। युवा वाराणसी व्यापार मंडल अध्यक्ष संजय गुप्ता ने कहा कि लागत और बिक्री मूल्य के बीच सामंजस्य बिठाना छोटे कारोबारियों के लिए बड़ा संघर्ष बन गया है।
विज्ञापन
युवा वाराणसी व्यापार मंडल उपाध्यक्ष दीप्तिमान देव गुप्ता ने कहा कि चीनी के दाम बढ़ने से आम आदमी का बजट बिगड़ गया है। युवा काशी बिस्किट कंफेक्शनरी व्यापार मंडल के महामंत्री मनीष गुप्ता ने जमाखोरों पर सख्त कानूनी कार्रवाई, चीनी के दाम तत्काल कम करने और राशन की दुकानों पर सस्ती चीनी उपलब्ध कराने की मांग की। बैठक में राजकुमार शर्मा, सुशील लखमणि, धर्मेंद्र सिंह आदि मौजूद रहे।