अवैध प्लॉटिंग पर लगाम लगाने के लिए बृहस्पतिवार को वीडीए सभागार में वीडीए उपाध्यक्ष पूर्ण बोरा ने तीनों तहसीलों के एसडीएम और रजिस्ट्रार के साथ बैठक की। इसमें वीडीए उपाध्यक्ष ने सभी एसडीएम को निर्देशित किया कि उनके क्षेत्र में कहीं भी यदि अवैध प्लॉटिंग हो रही हो, तो लेखपाल के माध्यम से उसे रोका जाए। साथ ही प्राधिकरण को भी इसकी सूचना दी जाए, जिससे अवैध प्लॉटिंग पर रोक लगाई जा सके।
उन्होंने कहा कि भविष्य में आम जनमानस को ऐसी किसी भी अवैध प्लॉटिंग में प्लॉट लेने से पहले जागरूक किया जा सके। आम जनता से अपील की गई कि वे केवल वीडीए से ले-आउट स्वीकृत प्लॉट ही खरीदें, जिससे उन्हें किसी भी समस्या का सामना न करना पड़े। प्राधिकरण का उद्देश्य आने वाले 25 से 30 वर्षों के विकास को ध्यान में रखते हुए वाराणसी को सुनियोजित तरीके से विकसित करना है।
इसे भी पढ़ें; PHOTOS: तस्वीरों में देखें- बीएचयू की पुष्प प्रदर्शनी में दिखा फूलों का चंद्रयान, पुष्प कलश ने मोह लिया मन
वीडीए उपाध्यक्ष ने कहा कि आम जनता की गाढ़ी कमाई लूटने वालों पर कार्रवाई की जाएगी। यहां अक्सर लुभावने विज्ञापनों के जरिये आम जनता की कमाई लूटी जाती है। बिना स्वीकृत ले-आउट के डेवलपर्स प्लॉट बेचकर भाग जाते हैं। बाद में लोगों को जनसुविधाओं को लेकर परेशानी झेलनी पड़ती है। कई बार दूसरे का प्लॉट दिखाकर बेचने की शिकायतें भी आती हैं।