शिवपुर/सारनाथ। शिवपुर क्षेत्र की त्रिलोकी नगर कालोनी में शनिवार की रात चोरों ने सिंचाई विभाग के रिटायर्ड इंजीनियर नंदलाल दूबे के घर को खंगाल दिया। चोर नगदी समेत करीब दस लाख रुपये के गहने ले गए। घटना की सूचना दूने के करीब छह घंटे बाद पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस के इस रवैये से क्षेत्रीय लोगों में रोष है। वहीं, सारनाथ में मोबाइल की दूकान पर भी चोरों ने हाथ साफ किया।
नंदलाल घर में छोटे बेटे ज्ञान प्रकाश के साथ रहते हैं। उनके बड़े बेटे इंद्र प्रकाश सेना में मेजर है, जिनकी तैनाती दिल्ली में है। इंद्र प्रकाश की पत्नी दीपशिखा भी सेना में कैप्टन पद पर लेह में तैनात हैं। यहां इंद्र प्रकाश के कमरे में ताला बंद रहता है। शनिवार की रात चोर चहारदीवारी फांद कर घर में घुस घुसे। इसके बाद चोरों ने इंद्र प्रकाश के कमरे की खिड़की की ग्रिल तोड़ी और वहां रखी आलमारी को तोड़कर एक लाख रुपये तथा करीब नौ लाख रुपये के गहने उड़ा दिए। नंदलाल और ज्ञान प्रकाश को रविवार की सुबह
छह बजे घटना जानकारी हुई। तत्काल उन्होंने शिवपुर पुलिस को सूचना दी। छह घंटे बाद दोपहर 12 बजे पुलिस मौका मुआयना करने पहुंची। लोगों का कहना था कि पुलिस की ऐसी ही कार्यशैली के कारण क्षेत्र में आपराधिक घटनाएं हो रही हैं। रात में गश्त तक ठीक से नहीं होती। वहीं, सीओ कैंट राजकुमार का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। जल्द ही चोर गिरफ्तार कर लिए जाएंगे। वहीं, सारनाथ के आशापुर में भोलानाथ गुप्ता की मोबाइल की दूकान का ताला तोड़कर चोर रिचार्ज कूपन समेत करीब 20 हजार रुपये का सामान ले गए।