रोहनिया क्षेत्र में अखरी पुलिस पिकेट से चंद कदम दूर उपासना नगर कॉलोनी में रहने वाले बिजली विभाग के रिटायर्ड इंजीनियर आरएन चौहान के घर बदमाशों ने सोमवार की रात डाका डाल दिया। इंजीनियर, उनकी पत्नी और बेटी को असलहे के बल पर बंधक बना कर डकैतों ने नगदी समेत करीब आठ लाख के जेवर लूट ले गए। घटना की सूचना पर भोर में चार बजे मौके पर पहुंची पुलिस की टीम से रोज-रोज हो रही वारदातों को लेकर स्थानीय लोगों की नोकझोंक भी हुई। मंगलवार को मामले की तफ्तीश के लिए एसएसपी जोगेंद्र कुमार भी मौके पर पहुंचे।
यूपी पावर कारपोरेशन लिमिटेड से रिटायर्ड इंजीनियर आरएन चौहान पत्नी मीना सिंह और बेटी सरोज के साथ 2006 से उपासना नगर कॉलोनी में रहते हैं। उनका एक बेटा है जो अमेरिका रहता है। सोमवार की रात करीब दो बजे छह बदमाश घर की चहारदीवारी फांदकर अंदर घुसे और एक कमरे की खिड़की का एंगल तोड़कर कमरे में पहुंच गए। बदमाशों की हरकत से आरएन चौहान की नींद खुल गई। उनके टार्च जलाते ही बदमाशों ने उनके ऊपर असलहा तान दिया और जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद पांच बदमाश दंपती और उनकी बेटी को आलमारी वाले कमरे में ले गए जबकि एक बाहर निगरानी कर रहा था। बदमाशों ने इंजीनियर के सामने ही आलमारी में रखे एक लाख रुपये नगद और करीब सात लाख रुपये के गहने लूट लिए।