भदोही जिले के नगर के पुरानी बाजार मोहल्ले में मंगलवार की सुबह नौ बजे घर की साफ-सफाई के दौरान करंट की चपेट में आने से सेवानिवृत्त इंजीनियर सुरेंद्र कुमार वर्मा(70) की मौत हो गई। घटना से आसपास खलबली मच गई।
विज्ञापन
ज्ञानपुर निवासी सुरेंद्र कुमार वर्मा छत्तीसगढ़ के विलासपुर की एक कंपनी में इंजीनियर थे। सेवानिवृत्त होने के बाद वह अपनी बेटी के साथ उत्तराखंड प्रदेश के नैनीताल जिले के हल्द्वानी शहर में रहने लगे। उनकी बेटी हल्द्वानी में वैज्ञानिक हैं।
सुरेंद्र वर्मा अपनी पत्नी और बेटी के साथ रहते थे, लेकिन दीपावली और होली जैसे पर्वों पर ज्ञानपुर के पुरानी बाजार स्थित घर की साफ-सफाई करने के लिए यहां आते थे। 27 अक्तूबर को दीपावनी के मद्देनजर मंगलवार को वह ज्ञानपुर स्थित अपने आवास की साफ-सफाई कर रहे थे। मंगलवार को साफ-सफाई के दौरान सीढ़ी की रेलिंग में उतर रहे करंट की चपेट में आने से उनकी मौत हो गई।
पुलिस ने शव का पंचनामा कर परिवार वालों को सौंप दिया। उनका अंतिम संस्कर हल्द्वानी में होगा। घटना की खबर मिलने पर परिवार के अन्य सदस्य मौके पर पहुंच गए। बताया जाता है कि मंगलवार को उन्हें हल्द्वानी भी जाना था।