रेस्टोरेंट खोलने और फूड डिलीवरी करने पर होगी कार्रवाई
लॉकडाउन में रेस्टोरेंट खोलने या होम डिलीवरी करने वालों पर जिला प्रशासन कड़ी कार्रवाई करेगा। जब तक शासनादेश नहीं आता है, तब तक लॉकडाउन का पालन सभी को करना है। शुक्रवार को जिलाधिकारी कौशल राज शर्मा ने बताया कि जनपद में ऑनलाइन फूड होम डिलीवरी पूरी तरह बंद है।
कुछ दिनों के लिए स्विगी को होम डिलीवरी के लिए अनुमति दी गई थी, लेकिन दो दिन बाद उस पर भी प्रतिबंध लगा दिया गया। जिलाधिकारी कौशल राज शर्मा ने कहा कि फिलहाल किसी भी रेस्टोरेंट को खोलने या होम डिलीवरी की अनुमति नहीं दी गई है। अगर कोई चोरी-छिपे होम डिलीवरी करता है या रेस्टोरेंट खोलता है तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
मैदागिन चौराहे पर शिफ्ट होगी गोदौलिया दूध सट्टी
डीएम कौशल राज शर्मा ने बताया कि हॉटस्पॉट मदनपुरा के बाहरी एरिया को बफर जोन बनाया जा रहा है। इसको ध्यान में रखते हुए गोदौलिया दूध सट्टी को शनिवार से मैदागिन चौराहा पर शिफ्ट करा दिया जाएगा। गोदौलिया दूध सट्टी के लोगों को इसकी सूचना भी दे दी गई है। शनिवार से दूध सट्टी गोदौलिया की जगह मैदागिन चौराहा पर लगेगी।
चितरंजन पार्क स्थित सब्जी मंडी को भी शिफ्ट करने पर विचार किया जा रहा है। डीएम ने बताया कि हॉटस्पॉट से सटे बाहर के क्षेत्र को बफर जोन बनाया जा रहा है। ताकि हॉटस्पॉट क्षेत्र के रहने वाले लोग यदि आसपास के क्षेत्र में घूमे हों, तो उस क्षेत्र को बफर जोन के रूप में चिह्नित कर हॉटस्पॉट क्षेत्र की तरह ही उसे भी सील कर व्यवस्थाएं सुनिश्चित कराई जाएं। शुक्रवार को गंगापुर, लोहता, मदनपुरा और बजरडीहा के हॉटस्पॉट क्षेत्रों सहित 180 सैंपल भेजे गए हैं। रिपोर्ट आने पर यदि कोई कोरोना पॉजिटिव मरीज मिला तो उसे पं. दीनदयाल उपाध्याय राजकीय चिकित्सालय में भर्ती कराया जाएगा।