बस्तीवालों ने सीजेपी और कम्युनिस्ट फ्रंट के नेतृत्व में निकाला मार्च
संवाद न्यूज एजेंसी
वाराणसी। राजघाट के पास किला कोहना क्षेत्र में निवास कर रहे लोगों ने बृहस्पतिवार को किला कोहना से लेकर जिला मुख्यालय तक मार्च किया और जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। बस्तीवासियों ने आरोप लगाया कि रेलवे जमीन अधिग्रहण के नाम पर बस्ती वासियों को लगातार नोटिस दे रहा है। जिससे भय का माहौल है। प्रशासन मामले का संज्ञान ले अन्यथा बस्ती वाले अनिश्चितकालीन धरना देंगे।
रेलवे काशी स्टेशन के विस्तार के लिए आसपास के क्षेत्र को खाली करा रहा है। कम्युनिस्ट फ्रंट व सीजेपी के नेतृत्व में निकले मार्च में बस्ती वालों ने कहा कि हम लोग 60 से 70 वर्षों से रह रहे हैं और झाड़ू, बर्तन करके परिवार चला रहे हैं। रेलवे की ओर से पिछले दस दिनों से घर उजाड़ने का नोटिस और धमकी दी जा रही है। इससे सभी डरे हुए हैं। कम्युनिस्ट फ्रंट के जिला संयोजक सागर गुप्ता ने कहा कि इस मामले में पहले भी बस्तीवालों ने प्रशासन से गुहार लगाई थी, लेकिन कोई कार्यवाही नहीं हुई।