महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के मनोविज्ञान विषय की आठ जून को होने वाली शोध प्रवेश साक्षात्कार परीक्षा कतिपय कारणों से स्थगित हो गई है। अब शोध साक्षात्कार की तिथि 11 जून के बाद घोषित की जाएगी। विश्वविद्यालय ने 11 जून तक आवेदन पत्र जमा करने की तिथि निर्धारित कर दी है।
विभाग में शोध प्रवेश परीक्षा (2022-23) उत्तीर्ण एवं प्रवेश परीक्षा से मुक्त (नेट/जेआरएफ) अभ्यर्थी प्रवेश के लिए अपने आवेदन पत्र सभी दस्तावेजों के साथ 11 जून तक विभाग में जमा कर सकते हैं। विभागाध्यक्ष प्रो. रश्मि सिंह ने बताया कि मनोविज्ञान विषय की शोध प्रवेश साक्षात्कार 08 जून को होने वाली थी, जो स्थगित कर दी गई है।
अब 11 जून के बाद शोध साक्षात्कार की तिथि घोषित की जाएगी। बताया कि अभ्यर्थी को पीएचडी प्रवेश-2024 (द्वितीय चरण) के लिए आवेदन पत्र सभी शैक्षणिक दस्तावेजों और फीस रसीद की छायाप्रति के साथ मनोविज्ञान विभाग विभाग में जमा करना है। अभ्यर्थियों को शोध में पंजीकरण के बाद तीन वर्षों तक कहीं अन्यत्र सेवारत या अध्ययनरत नहीं रहना होगा। इसका शपथ पत्र भी देना होगा।
दर्शनशास्त्र में शोध प्रवेश के लिए 10 जून तक जमा होगा आवेदन पत्र
वाराणसी। काशी विद्यापीठ के दर्शन शास्त्र विभाग में शोध प्रवेश परीक्षा 2022-23 में उत्तीर्ण एवं दर्शनशास्त्र विषय में नेट/जेआरएफ उत्तीर्ण छात्र-छात्राओं को शोध पंजीकरण के लिए 10 जून तक आवेदन पत्र जमा करने का निर्देश दिया गया है। विभागाध्यक्ष प्रो. राजेश कुमार मिश्र ने बताया कि अभ्यर्थी को पंजीकरण शुल्क भी 10 जून तक जमा करना है। बताया कि आवेदनपत्र के साथ शोध प्रपोजल, शैक्षणिक प्रमाणपत्र उक्त तिथि तक दर्शनशास्त्र विभाग में जमा करना होगा।
मंचकला विभाग में 29 जून तक जमा होंगे आवेदन
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के मंचकला विभाग में शोध प्रवेश परीक्षा (2022-23) में उत्तीर्ण एवं शोध प्रवेश परीक्षा से मुक्त नेट/जेआरएफ अभ्यर्थी आवेदन पत्र सभी दस्तावेजों के साथ 29 जून तक विभाग में जमा कर सकते हैं। विभागाध्यक्ष डॉ. संगीता घोष ने बताया कि अभ्यर्थी को पीएचडी प्रवेश 2024 द्वितीय चरण के आवेदन पत्र की प्रति के साथ शैक्षणिक दस्तावेज मंच कला विभाग में जमा करना होगा।
मनोविज्ञान (मेजर) शोध परियोजना मौखिक परीक्षा 15 को
वाराणसी। महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के स्नातकोत्तर मनोविज्ञान मेजर (एनईपी) चतुर्थ सेमेस्टर सत्र 2023-24 के विद्यार्थियों के छठे प्रश्नपत्र शोध परियोजना की मौखिक परीक्षा 15 जून को होगी। विभागाध्यक्ष प्रो. रश्मि सिंह ने बताया कि छात्रों को शोध परियोजना (डिजर्टेशन) 10 जून तक विभाग में जमा करना है।