श्री काशी विश्वनाथ मंदिर के गर्भगृह में चढ़ावे में कमी आने के बाद मंदिर प्रशासन ने मंगलवार को चार पुजारियों को हटा दिया। लंबे समय से मंगला आरती के बाद गर्भगृह की आराधना गद्दी पर बैठने वाले पुजारी दूसरे विग्रहों के लिए स्थानांतरित कर दिए गए।
इनकी जगह पर नए पुजारियों को गर्भगृह की जिम्मेदारी दी गई है। बुधवार से यह निर्देश प्रभावी हो जाएगा। बाबा विश्वनाथ के गर्भगृह में चढ़ावे में लगातार गिरावट के बाद मुख्य कार्यपालक अधिकारी एसएन त्रिपाठी के निर्देश पर इन पुजारियों को गर्भगृह से हटाया गया है।
अब इनको बाहर के विग्रहों पर तैनाती दी जाएगी। अबतक गर्भगृह में टेकनारायण उपाध्याय, राजेश पाठक, श्रीदेव मिश्र और ओमप्रकाश मिश्र की रोस्टर ड्यूटी थी।
नए निर्देश में कहा गया है कि गर्भगृह में मंगला आरती कराने के बाद इन पुजारियों को बाहर के विग्रहों पर तैनात किया जाए। अब इनकी ड्यूटी बाबा के गर्भगृह की गद्दी पर नहीं लगेगी।
इनकी जगह सुभाष गौतम और सागर गौतम बाबा के गर्भगृह का जिम्मा संभालेंगे। इन दोनों पुजारियों को इससे पहले जम्मूकोठी के मंदिर में तैनात किया गया था।