बलिया प्रशासन की तमाम चुस्ती के बाद भी गैर जनपदों से आए बहुत से लोगों के स्वास्थ्य की जांच नहीं हो रही है। लॉक डाउन के बाद गैर जनपदों से पांच हजार से अधिक लोगों के लौटने का अनुमान है। प्रशासनिक आंकड़े की मानें तो विदेश और देश के विभिन्न जिलों से आए कुल 824 लोगों में से 340 की मेडिकल जांच नहीं हो सकी है। जिले में विदेश व देश के गैर प्रांतों से आए लोगों पर नजर रखी जा रही है।
जिले में 13 मार्च से 27 मार्च तक विदेश से तीन और देश के विभिन्न हिस्सों से 821 समेत कुल 824 लोग जिले में आए हैं। इसमें से अधिकांश लोग केरल, दिल्ली, गुजरात, सूरत, लुधियाना, पंजाब, लुधियाना, सिकंदराबाद, गुवाहाटी, बिहार, मुंबई, फरीदाबाद आदि जगहों से आए हैं।
जबकि स्वास्थ्य विभाग की मानें तो जिले में 334 लोग विदेशों से आए हुए हैं। कुल आए 824 लोगों में से 340 लोगों की कोई जांच नहीं हो सकी है। जिला महामारी रोग विशेषज्ञ डा. जियाउल हुदा ने बताया कि जिले के कुल 334 लोग विदेश से आए हैं जिनमें 331 लोग जिले में निवास नहीं करते हैं, केवल तीन लोग ही जिले में रह रहे हैं जिनकी जांच की गई है।