रामलीला के मंच पर राम और सीता के विवाह की लीला वास्तविक शादी की साक्षी बन गई। यूपी के भदोही में रामलीला में सीता स्वयंवर के मंचन के दौरान एक जोड़े की शादी की गई। इस मौके पर सभी ने वर-वधू को सुखमय जीवन का आशीर्वाद दिया।
जिले के कुरमैचा गांव में आदर्श रामलीला समिति की ओर से छह दशक से रामलीला कराई जा रही है। गांव के मोहन लाल बिंद की बेटी सीमा का विवाह मूलापुर गोपीगंज निवासी बाबू लाल बिंद से तय हुआ था।
आर्थिक रूप से कमजोर दोनों परिवारों के सामने समिति के लोगों ने राम-सीता के रूप में शादी करने का प्रस्ताव रखा। इस पर दोनों परिवार राजी हो गए तो रविवार की रात धनुष यज्ञ की लीला मंचन के दौरान उनकी शादी करा दी गई।
इस दौरान ग्रामीणों ने बारातियों की अगवानी और भव्य स्वागत किया। इसके बाद विवाह की सारी रस्में पूरी की गईं। गांव वालों के साथ ही मिर्जापुर-सोनभद्र की एमएलसी रामलली ने भी कन्यादान किया।