फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

एक क्लिक में पढ़ें वाराणसी की खास खबरें : दो माह की गर्भवती प्रशिक्षु दरोगा की मौत, नगर आयुक्त से मिलेंगे नाविक

Wed, 06 Nov 2024 11:16 AM IST
अमन विश्वकर्मा अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी।

सार

Varanasi News : वाराणसी में छोटी-बड़ी खबरों के साथ बीएचयू अस्पताल में एक प्रशिक्षु महिला दरोगा की मौत का मामला है। वह दो माह की गर्भवती थी। वहीं, नए नावों के लाइसेंस की मांग को लेकर बुधवार को नाविक समाज के लोग नगर आयुक्त से मिलेंगे। आइए जानते हैं प्रमुख खबरें...
विज्ञापन
वाराणसी की प्रमुख खबरें। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

थाने में तैनात प्रशिक्षु दरोगा रेनू विश्वकर्मा (30) की बीएचयू अस्पताल में उपचार के दौरान माैत हो गई। दो माह की गर्भवती रेनू के पेट में बीती देर रात अचानक दर्द हुआ तो सहयोगियों ने उसे बीएचयू अस्पताल में भर्ती कराया। चिकित्सकों ने बताया कि शरीर में इंफेक्शन फैल गया था। मल्टी आर्गन फेल्योर के कारण रेनू को नहीं बचाया जा सका। गोरखपुर के रुदौली थाना क्षेत्र के डोमरी निवासी रेनू की शादी अयोध्या में हुई थी। पति अरुण विश्वकर्मा जौनपुर के बख्शा थाने में कांस्टेबल पद पर तैनात हैं। 

विज्ञापन


गैस सिलिंडर का पाइप फटा आग लगने से युवक की मौत
चिरईगांव के उमरहां गांव की राजभर बस्ती में गैस सिलिंडर का पाइप फटने से आग लग गई। हादसे में खाना बना रहे युवक की मौत हो गई। वहीं, अस्पताल में भर्ती उसकी पत्नी की हालत गंभीर है। परिजनों ने घायल मां-बेटी को उपचार के लिए मंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

उमरहां गांव की राजभर बस्ती का रहने वाला महेश राजभर (40) सोमवार की शाम अपने घर में किचन में भोजन बना रहा था। उसकी पत्नी सितारा देवी (35) और बेटी नंदनी (17) भी वहीं मौजूद थी। इस दौरान गैस सिलिंडर की पाइप अचानक फट गई। इसके साथ ही तेजी से गैस का रिसाव होने लगा। 
विज्ञापन


किचन में आग लग गई और महेश राजभर उसकी जद में आ गया। महेश को जलता देख पत्नी और पुत्री ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन उन्हें सफलता नहीं मिली।

मंडलीय चिकित्सालय में उपचार के दौरान मंगलवार की भोर महेश राजभर की मौत हो गई। गंभीर रूप से झुलसी सितारा देवी का अभी उपचार चल रहा है, जबकि पुत्री को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। घटना की सूचना मंगलवार को महेश के भतीजे शिवा पुत्र रमेश ने चौबेपुर थाने पर दी।

तालाबों का मानक के अनुसार करें निर्माण 
ग्रामीण क्षेत्रों में बनाए जा रहे अधिकतर रेन वाटर हार्वेस्टिंग, सोकपिट, तालाब, चेक डैम मानक के अनुसार नहीं बन रहे हैं। इससे बरसात का पानी संरक्षित नहीं हो पा रहा है। इससे मानक के अनुसार बनाएं। मंगलवार को सीडीओ हिमांशु नागपाल की अध्यक्षता में बीडीओ व ग्रामीण क्षेत्र के अभियंताओं के साथ बैठक की गई। 

कार्यशाला में सहायक अभियंता लघु सिंचाई व भूमि संरक्षण अधिकारी ऊसर सुधार ने तकनीकी सुझाव दिए। उन्होंने कहा कि जल संरक्षण से संबंधित कार्यों के लिए स्थल के चयन में सावधानी बरतें। सीडीओ ने कहा कि अगली बार निर्माण से पहले तकनीकी टीम की मदद जरूर लें। ताकि बारिश के पानी का संरक्षण किया जा सके। 

लाठीचार्ज के विरोध में अधिवक्ताओं ने सिविल कोर्ट में निकाला जुलूस
गाजियाबाद प्रकरण को लेकर अधिवक्ता हड़ताल पर रहे। अधिवक्ताओं ने सिविल कोर्ट में जुलूस निकालकर नारेबाजी की। अधिवक्ताओं ने लाठीचार्ज में शामिल लोगों पर कार्रवाई की मांग की।

बनारस बार एसोसिएशन के अध्यक्ष अवधेश सिंह और संयुक्त सचिव प्रशासन मयंक मिश्र की ओर जिला जज को प्रस्ताव की प्रति भेजकर न्यायिक कार्य नहीं किए जाने की जानकारी दी गई। वहीं हड़ताल के चलते अदालतों में लंबित अधिकांश वादों में सुनवाई नहीं हो सकी। वहीं पिंडरा तहसील के अधिवक्ता मंगलवार को भी हड़ताल पर रहे। अधिवक्ताओं ने कहा कि जिस तरह वकीलों पर लाठी चार्ज और मुकदमा दर्ज कराया गया। वह कानून के दुरुपयोग को दर्शाता है। बैठक में बार अध्यक्ष उदय नाथ भारती, मंत्री चंद्रभान पटेल, शिवपूजन सिंह, अशोक पांडेय, मनोज शुक्ला, प्रेम सिंह मौजूद रहे।

पशुओं के रोग के बारे में जानकारी दी
बीएचयू के राजीव गांधी साउथ कैंपस के पशु विज्ञान संकाय में 10 दिवसीय राष्ट्रीय लघु पाठ्यक्रम प्रशिक्षण की शुरुआत हुई। इसमें डॉ. संजय ने पशुओं में होने वाले रोग और उसके निदान के बारे में जानकारी दी। मुख्य अतिथि पशु चिकित्सा क्लिनिक परिसर के प्रभारी प्रो. अमित राज गुप्ता और प्रो. सिद्धार्थ शंकर दास ने कहा कि पशुओं के बेहतर स्वास्थ्य के उद्देश्य से कौशल बढ़ाने के लिए प्रशिक्षण दिया जा रहा है। 

युवती की अश्लील तस्वीर वायरल करने पर मुकदमा
युवती का अश्लील तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल करने और उसके ससुराल के सदस्यों के मोबाइल पर भेजने के मामले में युवती के पिता ने मुकदमा दर्ज कराया। खुशहालनगर बड़ालालपुर निवासी पिता ने बताया कि बेटी की शादी तय हुई है। इसके बाद अनजान व्यक्ति बेटी की तस्वीर एडिट कर वायरल कर रहा है। थाना प्रभारी उदयवीर सिंह ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है। 

कूटरचित दस्तावेज से फाइनेंस कराने का आरोपी गिरफ्तार
कूटरचित दस्तावेज के आधार पर फ्रीज और एसी फाइनेंस करके चपत लगाने वाले आरोपी को पुलिस ने पहाड़िया से गिरफ्तार किया। थानाध्यक्ष निकिता सिंह ने बताया कि आरोपी की पहचान मुकेश राही निवासी बेलवा बाबा सब्जी मंडी और मूल पता एनटीपीसी कॉलोनी, सिंगरौली के रूप में हुई है। आरोपी मुकेश ने फर्जी और कूटरचना करके रूपचंद्र पुर गांव के रहने वाले सतेंद्र श्रीवास्तव के नाम पर फाइनेंस कराया था। सत्येंद्र की तहरीर पर 31 मई 2023 को मुकदमा दर्ज हुआ है। इसमें एक अन्य आरोपी पूर्व में जेल जा चुका है। 

धोखाधड़ी कर बेच दी दो बीघे जमीन, केस दर्ज
धोखाधड़ी, कूटरचित दस्तावेज से जमीन बिक्री के मामले में आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। रतनपुर गांव और वर्तमान में कोलकाता निवासी सत्यम सिंह ने बताया कि उसकी जमीन रतनपुर, करमपुर व पचरासी ग्राम पंचायत में है। उनकी गैर मौजूदगी में फर्जी दस्तावेज से दो बीघे जमीन को बेच दिया गया। पुलिस के अनुसार, खरीदने और बेचने वालों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। 

चोरी के 13 टायर के साथ पांच गिरफ्तार
विभिन्न गाड़ियों के टायर चोरी के मामले में पांच आरोपियों को भेलूपुर पुलिस ने सोमवार की रात रेलवे काॅलोनी रानीपुर महमूरगंज से गिरफ्तार किया। आरोपियों की निशानदेही पर चोरी के 13 टायर बरामद हुए। भेलूपुर इंस्पेक्टर विजय कुमार शुक्ला ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राहुल, आकाश सेठ, आर्यन, कल्लू पटेल और सोनू गुप्ता के रूप में हुई है। 

किशोरी से दुष्कर्म का आरोपी गिरफ्तार
किशोरी से दुष्कर्म मामले के आरोपी को शिवपुर पुलिस ने मंगलवार को तरना के पास से गिरफ्तार किया। थाना प्रभारी उदय वीर सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपीकी पहचान नीरज कुमार निवासी कोईरान चमाव के रूप में हुई है। 

चोरी का माल खपाने का आरोपी गिरफ्तार
चोरी का माल खपाने मामले में वांछित सराफ को फूलपुर पुलिस ने बिंदा मोड़ के पास से गिरफ्तार किया। फूलपुर इंस्पेक्टर प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान चंदन सोनी के रूप में हुई है।

बीएचयू के प्रोफेसर की कार खड़े ट्रक से टकराई
कछवा रोड के चित्रसेनपुर गांव के समीप किसान सब्जी मंडी के पास कुहासे के कारण बीएचयू के महिला महाविद्यालय के प्रोफेसर मोहम्मद अफजाल की कार खड़े ट्रक से टकरा गई। हादसे में प्रोफेसर व उनकी पत्नी को मामूली चोट लगी। बिहार के सहरसा जिले के हरेवा निवासी प्रोफेसर मोहम्मद अफजाल कार से पत्नी के साथ प्रयागराज की ओर जा रहे थे। 

दो अवैध निर्माण सील कराए
वीडीए ने 30 बीघे की अवैध प्लाॅटिंग ध्वस्त कराई। साथ ही दो अवैध निर्माण सील कर पुलिस अभिरक्षा में दिए। वीडीए उपाध्यक्ष पुलकित गर्ग ने बताया कि शिवपुर वार्ड के अहरक में अज्ञात की 20 बीघे में और इस्तियाक की 10 बीघे में विकसित हो रही अवैध प्लाॅटिंग ध्वस्त कराई। उधर भेलूपुर वार्ड में उषा देवी के रवींद्रपुरी अस्सी नाले और फिदका रेस्त्रां रवींद्रपुरी में राजीव अग्रवाल के बगैर मानचित्र स्वीकृत कराए निर्माण कार्य को सील कर पुलिस अभिरक्षा में दे दिया। 

आदमपुर में 13, कोतवाली में एक शिकायत आई 
शहर की समस्याओं का समाधान कराने के लिए मेयर अशोक कुमार तिवारी ने आदमपुर और कोतवाली जोन में जन चौपाल लगाई। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि जनता की समस्याओं का संतुष्ट होने तक समाधान कराएं। आदमपुर में 13 और कोतवाली में एक शिकायत आईं। इनमें से पांच शिकायतों का मौके पर निस्तारण किया गया। 

बाकी शिकायतों का निस्तारण करने के लिए संबंधित अधिकारियों के पास पत्र भेजा। शिकायतों में दो सफाई, सात दाखिल खारिज, तीन सीवर, एक स्ट्रीट लाइट, एक मरम्मत से संबंधित रही। इसके बाद मेयर ने विभागीय कार्यों की समीक्षा की। कहा कि क्षेत्र में सफाई बेहतर तरीके से कराएं। स्ट्रीट लाइटों को चेक करें और यदि कोई खराब है तो उसे बनवाएं।

जोन और मुख्यालय पर आने वाले लोगों की समस्याओं को जोनल अधिकारी सुनें और उनके संतुष्ट होने तक निस्तारण कराएं। दाखिल खारिज से जुड़ी समस्याओं का निस्तारण मानक के अनुसार कराएं। सड़क और गलियों की मरम्मत समय रहते कराएं। वार्डों की सीवर और जलनिकासी समस्या का स्थायी समाधान पर जोर दें। 

शिकायतों का करें निस्तारण 
चिरईगांव के अधिशासी अभियंता कार्यालय तिलमापुर में लोगों की समस्याएं सुनीं। कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर के प्रतिनिधि संजय सिंह ने बताया कि अफसरों को निर्देश दिए गए हैं कि बिजली बिल में गड़बड़ी की शिकायतों का निस्तारण दो दिनों में करें।  चिरईगांव के एक्सईएन भारत भूषण राय ने लोगों की शिकायतें सुनीं। 

ब्लॉक प्रमुख पति को मिली जमानत
अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (पूर्वोत्तर रेलवे) महेंद्र कुमार पांडेय की अदालत से वर्ष 2009 में सारनाथ स्टेशन से पुलिस अभिरक्षा में फरार मामले में बक्सर के चौसा ब्लॉक प्रमुख पति धनंजय राय उर्फ गुड्डू की जमानत मंजूर हो गई है। कोर्ट ने आरोपी को 25-25 हजार रुपये की दो जमानतें व बंधपत्र देने पर रिहा करने का आदेश दिया है।

अभियोजन पक्ष के अनुसार कांस्टेबल अनिरुद्ध यादव व जयप्रकाश 10 दिसंबर 2009 को सेंट्रल जेल से बंदी धनंजय राय उर्फ गुड्डू को एक मुकदमे में पेश करने के लिए गाजीपुर कोर्ट ले जा रहे थे। लौटने के दौरान सारनाथ स्टेशन के आउटर से धनंजय उर्फ गुड्डू राय फरार हो गया था। 

निरीक्षण में हेड मुहर्रिर नहीं मिला, स्पष्टीकरण 
डीसीपी वरुणा जोन चंद्रकांत मीणा ने अलसुबह शिवपुर थाने का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान हेड मुहर्रिर थाने पर मौजूद नहीं था। इस पर डीसीपी वरुणा जोन ने नाराजगी जताते हुए हेड मुहर्रिर से स्पष्टीकरण तलब किया है। उन्होंने थाने के सभी रजिस्टर को अपडेट रखने और साफ-सफाई पर विशेष रूप से ध्यान देने का निर्देश दिया। इसके साथ ही शिवपुर थाना क्षेत्र में उन्होंने चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने का निर्देश थानाध्यक्ष को दिया। 

संभव की जनसुनवाई में आईं पांच शिकायतें 
नगर निगम में नगर आयुक्त कार्यालय में संभव की जनसुनवाई हुई। मुख्य कर निर्धारण अधिकारी असीम रंजन की मौजूदगी में कुल पांच शिकायतें आईं। निस्तारण करने संबंधित अधिकारियों को शिकायती पत्र भेजा। फुलवरिया के अभिनव कुमार ने अवैध पशुपालन, सोनातालाब के मोहन गिरि ने भैंस का तबेला हटवाने, लेढुपुर के रामजी यादव ने नाली से अवैध कब्जा हटवाने, बजरडीहा की जानकी पटेल ने मकान नंबर निरस्त करने और रामनगर के प्रदीप कुमार ने मृत्यु प्रमाण पत्र जारी करने के लिए शिकायत पत्र दिया। अधिकारी ने शीघ्र निराकरण का आश्वासन दिया। 

छह सहकारी समितियों से मिलेंगी सस्ती दवाएं
जिले की छह सहकारी समितियों से दवाएं भी मिलेंगी। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग ने लाइसेंस भी जारी कर दिया है। आराजी लाइन में प्रधानमंत्री जनऔषधि केंद्र खुल गया है। दवा भी मिलने लगी है। पांच और समितियों पर जनऔषधि केंद्र खोलने की प्रक्रिया जारी है।

सहकारिता विभाग ने आठ सहकारी समितियों पर जनऔषधि केंद्र खोलने का प्रस्ताव दिया था। इनमें से छह आवेदन सही पाए गए। इन केंद्रों से जेनरिक दवाएं मिलेंगी, जो बाजार से 50 से 90 फीसदी कम दाम पर मिलेंगी। उपायुक्त एवं उप निबंधक सोमी सिंह ने बताया कि जिले में 93 सहकारी समितियां हैं। इनके माध्यम से ग्रामीण क्षेत्र की जनता को राहत पहुंचाने की तैयारी है। 

स्वास्थ्य विभाग की टीम ने की जांच
आराजी लाइन विकासखंड के भाऊपुर गांव में स्वास्थ्य टीम पहुंची। ग्रामीणों की जांच कर मौसमी बीमारी से बचाव के प्रति जागरूक किया। कई दिनों से यहां बुखार के मरीज मिल रहे हैं। सीएचसी आराजी लाइन अधीक्षक डॉ. नवीन सिंह ने बताया कि वायरल फीवर और मलेरिया के लक्षण वाले मरीज अधिक मिले। ग्रामीणों को समस्या होने पर नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर इलाज करवाने की बात कही। 

नई बस्ती इलाके में सड़क खराब, लोग परेशान
मंडुवाडीह के नई बस्ती इलाके में खराब सड़क की वजह से लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। आए दिन लोग गिरकर घायल हो रहे हैं। स्थानीय निवासी धीरेंद्र सिंह ने बताया कि इसी रास्ते में स्कूल है। स्कूली बसों और लोगों को दिक्कत होती है। रोज टायर पंचर होते हैं। कई बार शिकायत की गई, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। 

मंडलीय अस्पताल को मिला एनक्वास प्रमाण पत्र
मंडलीय अस्पताल कबीरचौरा को मरीजों को मिलने वाली विभिन्न सुविधाओं, चिकित्सकीय प्रबंधन के लिए राष्ट्रीय स्तर का एनक्वास (नेशनल क्वालिटी ऐशोरेंस सर्टिफिकेट) प्रमाण पत्र मिला है। अस्पताल के एसआईसी डॉ. एसपी सिंह ने बताया कि राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन की मिशन निदेशक की ओर से चार नवंबर को पत्र भी जारी किया गया।

उन्होंने मरीजों की सुविधाओं में बढ़ोतरी और कर्मचारियों के प्रशिक्षण, उत्साहवर्धन के लिए प्रोत्साहन राशि जारी करने की सूचना भी दी है। बताया कि वर्ष 2023 में एनक्वास प्रमाणन के लिए 39 अस्पतालों की सूची में वाराणसी से केवल मंडलीय अस्पताल का नाम शामिल है। प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों में बड़ागांव व चोलापुर सफल रहे। 

डेंगू के दो नए मरीज मिले
जिले में डेंगू के मरीजों के मिलने का क्रम जारी है। दो नए मरीज मिले। सोनारपुरा में 54 वर्षीय महिला और कादीपुर निवासी 62 वर्षीय व्यक्ति के डेंगू सैंपल की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। जिला मलेरिया अधिकारी एससी पांडेय ने बताया कि इस साल मिलने वाले मरीजों की संख्या 195 है। पिछले साल इस समय मरीजों का आंकड़ा 400 के पार था। 

भाजपा ने जारी की 1033 सक्रिय सदस्यों की सूची
गुलाब बाग के भाजपा के महानगर कार्यालय में सक्रिय सदस्यों की सूची सार्वजनिक कर दी गई। महानगर टीम ने 1033 सक्रिय सदस्यों की सूची जारी की। महानगर अध्यक्ष विद्यासागर राय ने बताया कि सदस्यों की ओर से जो सक्रिय सदस्यता फार्म जमा किए गए थे। उनका सत्यापन कराने के बाद ही सूची चस्पा की गई है। महानगर कार्यालय के अलावा मंडल कार्यालयों पर भी सूची चस्पा की गई। 

व्यायामशाला बनाने के मामले में संसद में होगी चर्चा
खेलों को बढ़ावा देने के लिए शिवपुरी ब्लॉक के आदमपुर निवासी सूबेदार यादव के खेत गिरवी रख व्यायामशाला बनाने की चर्चा संसद में होगी। मछलीशहर की सांसद प्रिया सरोज ने यह निर्णय लिया है। उन्होंने संसद को पूर्व में सूचना देकर चर्चा के लिए समय मांगा है। मंगलवार  को प्रिया सरोज ने खेलों   को बढ़ावा देने के लिए सूबेदार यादव को प्रशस्ति पत्र दिया। 

कुंवर अनंत नारायण ने निभाई परंपरा, बजड़े पर सवार होकर लीला देखने पहुंचे
लक्खा मेला में शुमार तुलसीघाट की श्रीकृष्णलीला के प्रसंग नागनथैया की 10 मिनट की लीला को देखने के लिए घाट की सीढि़यों से लेकर गंगा में बजड़ों पर लीलाप्रेमियों की भीड़ उमड़ी थी। दोपहर से ही लीला देखने के लिए लोग पहुंचने लगे। रामायणियों ने पात्रों के साथ लीला के एक-एक प्रसंग को भक्ति भाव से वाचन कर जीवंत किया।

नागनथैया की लीला देखने परंपरा के अनुसार बजड़े पर सवार होकर कुंवर अनंत नारायण सिंह अपने परिवार के साथ पहुंचे। इस दौरान मेयर अशोक कुमार तिवारी, कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने भी दर्शन किए। अखाड़ा गोस्वामी तुलसीदास के महंत प्रो. विश्वंभरनाथ मिश्र ने भगवान श्रीकृष्ण के पात्र का माल्यार्पण किया। इसके बाद अनंत नारायण सिंह का स्वागत किया। 

ये रहे पात्र और रामायणी
श्रीकृष्ण लीला के प्रमुख पात्रों में आशुतोष चौबे (खेलने वाले श्रीकृष्ण), श्रेयांश शर्मा (यमुना में कूदने वाले श्रीकृष्ण), दिव्यांश दुबे (बलराम), कार्तिक तिवारी (राधा), कृष्णशंकर सिंह (कंस), (मोनू सिंह यशोदा), श्रवण शर्मा (सुदामा), अष्टभुजा मिश्रा (नारद मुनि), श्रेयांश शर्मा, ऋषभ तिवारी, नट्टू विश्वास सखा आदि शामिल रहे।

पं. श्यामबिहारी पांडेय, राज कुमार पांडेय, रामनोहर त्रिपाठी, जेपी मिश्रा, रामदत्त तिवारी, कांचन शान्याल, संजीव त्रिपाठी की भी अहम भूमिका रही। तुलसीदास द्वारा शुरू की गई तुलसीघाट की श्रीकृष्ण लीला 22 दिनों की होती है। इसमें भगवान कृष्ण के जन्मोत्सव से लेकर पूतना वध, कंस वध, गोवर्धन पर्वत सहित विभिन्न लीलाएं होती हैं। प्रो. विश्वंभर नाथ मिश्र ने बताया कि इस लीला में सभी कलाकर अस्सी, भदैनी के ही होते हैं।

समय से करें गेहूं की बोआई
गेहूं की बोआई सही समय से करें। सभी राजकीय कृषि बीज भंडारों पर अच्छी गुणवत्ता के गेहूं के बीज उपलब्ध हैं। यह जानकारी जिला कृषि अधिकारी संगम सिंह ने दी। उन्होंने बताया कि गेंहू की प्रजाति-AAI W-10, DBW-303, DBW-222, DBW-187, DBW-327 और  DBW-343 का उच्च गुणवत्ता का बीज उपलब्ध है। इनकी उत्पादन क्षमता 60 से 80 क्विंटल प्रति हेक्टेयर है। DBW-187 को करण वंदना के नाम से जानते हैं। इसे भारतीय गेंहू और जौ अनुसंधान संस्थान करनाल ने विकसित किया है। इसकी उत्पादन क्षमता 82 क्विंटल प्रति हेक्टेयर  है। इसमें प्रोटीन और आयरन भरपूर मात्रा में होता है। 

शंकराचार्य ने पुस्तक का किया लोकार्पण
ज्योतिषपीठ के शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ने पुस्तक मार्दव धर्म व रक्षा धर्म का केदारघाट स्थित श्रीविद्यामठ में लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि सामान्य 37 धर्म होते हैं। सभी को इसका पालन करना चाहिए। जब मनुष्य इन सभी धर्मों को अपने जीवन में उतारेगा तो निश्चय ही उसे लाभ मिलेगा। संचालन साध्वी पूर्णांबा दीदी ने किया। इस मौके पर डाॅ. रंजन शर्मा, मुकुंदानंद ब्रह्मचारी, परमात्मानंद, संजय पांडेय आदि मौजूद रहे। 

महीने भर में तैयार हो जाएगा जीआई उत्पादों का क्यूआर कोड, बढ़ेंगे 700 जीआई टैग 
सीडीओ हिमांशु नागपाल की अध्यक्षता में मंगलवार को कमिश्नरी सभागार में जीआई उत्पादों से जुड़े स्टेकहोल्डर्स की कार्यशाला हुई। इसमें तय हुआ कि अगले एक महीने में सभी जीआई उत्पादों का क्यूआर कोड तैयार करना है। इसके साथ ही 700 जीआई टैग की संख्या भी बढ़ानी है। अगले महीने पांच दिसंबर को होने वाली बैठक में इन्हें रखा जाएगा। सीडीओ ने कहा कि जीआई प्रयोक्ता (ऑथराइज्ड यूजर) पंजीकरण बढ़ाने और ऑथराइज्ड यूजर का उत्पाद सहित विवरण प्रदर्शित करने के लिए क्यूआर कोड हमें हर हाल में बनाना है। 

जीआई के अधिकृत उपयोगकर्ता मेला और प्रदर्शनी में हिस्सा ले सकें। जीआई उपयोगकर्ताओं से यह भी अपील की गई कि वह अपना व्यवसाय बढ़ाने के लिए ई-काॅमर्स सुविधा का लाभ उठाएं। विशिष्ट अतिथि डॉ. रजनीकांत ने उद्यमियों को जीआई टैग से जुड़ी जानकारियां दीं। इस मौके पर व्यापार मंडल से मोहन कुमार शर्मा, उपायुक्त उद्योग अजय कुमार गुप्त, सहायक आयुक्त उद्योग राजेश कुमार चौधरी, मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी अमित समेत अन्य मौजूद रहे। 

प्रभातफेरी निकाल किया भजन-कीर्तन
श्री श्याम मंडल की ओर से मंगलवार को मैदागिन स्थित पातालेश्वर मंदिर से प्रभातफेरी निकाली गई। भक्त हाथ में श्याम निशान लिए थे तो भजन मंडली चालो रे चालो भक्तों खाटू धाम चाला..., आएगा आएगा नीले चढ़ सांवरा आएगा... भजन-कीर्तन करते हुए चल रही थी। श्री श्याम मंडल के अध्यक्ष दीपक बजाज, मंत्री अजय खेमका ने श्याम ध्वज का पूजन किया। इसके बाद भक्तों को ध्वज देकर प्रभातफेरी की शुरुआत की गई। प्रभु की सजी मोहक झांकी का पूजन अर्चन कर आरती उतारी। श्याम चालीसा का पाठ हुआ। प्रभातफेरी में प्रेम अग्रवाल, राकेश अग्रवाल, प्रवीण माखारिया, गणेश लोहिया बंटी, सुरेश तुलस्यान, जागृत गाड़ोदिया, शिवांग शर्मा आदि शामिल रहे। 

निर्बल को बलवान से, निर्धन को धनवान से भय
कथावाचक डॉ. मदन मोहन मिश्र ने कहा कि चरित्रवान से सभी डरते हैं। निर्बल को बलवान से, निर्धन को धनवान से और मूर्ख को विद्वान से भय है। लेकिन, चरित्रवान से सभी डरते हैं। रावण बलशाली, धनवान और वेदों का ज्ञाता था लेकिन उसके पास चरित्र का अभाव था। चरित्रवान ना होने के कारण आज भी उस का पुतला जलाया जाता है। वहीं, प्रभु श्रीराम का उत्तम चरित्र ही उन्हें मर्यादा पुरुषोत्तम राम बनाता है। वह ग्राम पंचायत पंचराव में श्री रामकथा आयोजन समिति की ओर से आयोजित रामकथा में प्रवचन कर रहे थे। उन्होंने कहा कि चरित्रवान का तात्पर्य मर्यादा, आदर्श, नम्रता और सहनशीलता की स्थापना है।

सतुआ बाबा गोशाला में 20 से महापुराण कथा 
पड़ाव के डोमरी स्थित सतुआ बाबा गोशाला में कथा वाचक प्रदीप मिश्र 20 नवंबर से शिव महापुराण कथा सुनाएंगे। कथा का शुभारंभ मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ करेंगे। कथा में पांच लाख लोगों के शामिल होने की संभावना जताई गई है। कथा आयोजन समिति के संजय केशरी ने बताया कि 20 से 26 नवंबर तक सतुआ बाबा गोशाला में शिव महापुराण कथा होगी। 441 बीघे में टेंट लगाए जाएंगे। कथा स्थल पर पहुंचने के लिए पांच प्रवेश द्वार बनाए जाएंगे। रोड, स्ट्रीट लाइट, बैरिकेडिंग और सुरक्षा की व्यवस्था की जाएगी। कथा स्थल के पास ही हेलिपैड भी बनाया जाएगा। प्रसाद कक्ष, कथा व्यास का आवास भी बनेगा। 

बीईओ भी बनाएंगे स्कूलों को निपुण
बेसिक शिक्षा विभाग के परिषदीय प्राथमिक स्कूलों में प्री-प्राइमरी से कक्षा दो तक के विद्यार्थियों को गणित एवं भाषा में दक्ष बनाने के लिए अब अधिकारियों की जवाबदेही और जिम्मेदारी तय कर दी गई। निपुण भारत मिशन के लक्ष्य को 2026-27 तक हासिल करने के लिए यह तैयारी की है। बीईओ, डायट मॅटर, स्पेशल रिसोर्स ग्रुप (एसआरजी) और शिक्षक संकुल को अब विद्यालयों को निपुण बनाने का दायित्व सौंपा है। बीईओ को ब्लॉक संसाधन केंद्र या उनके कार्यालय के पास स्थित विद्यालय को निपुण बनाना होगा। ये प्राथमिक स्कूल या कंपोजिट विद्यालय में से किसी एक का जिम्मा लेंगे। 

मातृभूमि से स्पंदित जब स्वाधीन पुकार हुई...
सुबह-ए-बनारस के घाट संध्या प्रकल्प के अंतर्गत काव्यार्चन की 17वीं कड़ी का आयोजन अस्सी घाट हुआ। डॉ. धर्मप्रकाश मिश्र की अध्यक्षता में हुए इस आयोजन का संचालन डॉ. नागेश शांडिल्य ने किया। शुरुआत चेतना तिवारी ने भावपूर्ण रचना से की। उन्होंने घर लौट आ परदेसी परदेस के, सूने-सूने हो गांव तेरे देश के... सुनाया।

प्रियंका अग्निहोत्री ने ‘मातृभूमि से स्पंदित जब स्वाधीन पुकार हुई..., डॉ. नागेश शांडिल्य ने ‘छठ बा आइल, सभे धधाइल सजल बा अजबे ठाट देखलऽ, टिमटिम दियना कलशा कलशा, गंगा जी के घाट देखलऽ..., डॉ. धर्मपकाश मिश्र ने ‘नारियों के जप-तप से टिकी वसुंधरा..., नहीं रहेंगी तो सृष्टि क्रम कट जाएगी। सीता के समान यदि नारी अपमान होगा, एक बार फिर से जमीन फट जाएगी... आदि सुनाया। अंत में सिद्धनाथ शर्मा, सूर्यकुमार मिश्र, महेंद्र तिवारी अलंकार और डॉ. जयप्रकाश मिश्र ने प्रमाणपत्र दिया। 

साधु-संतों ने किया आदिशंकराचार्य का पूजन
विशाखा शारदा पीठम् की ओर से शिवाला स्थित चेत सिंह किला परिसर में आयोजित तीन दिवसीय अध्यात्मिक समागम सनातन कुंज का समापन मंगलवार को जगद्गुरु आदिशंकराचार्य के पूजन से हुआ। इस दौरान काशी के विद्वानों की हुई सभा में सनातन के उन्नयन पर जोर दिया गया। स्वामी स्वरूपानंदेंद्र सरस्वती और उनके उत्तराधिकारी स्वामी स्वात्मानंदेंद्र सरस्वती सहित दशिण भारत और काशी के साधु-संतों ने आदिशंकराचार्य की पूजा की। 

कवि सम्मेलन में कवियों ने काव्यपाठ किया। काशी विद्वत सभा की गोष्ठी में प्रो. राम नारायण द्विवेदी के संचालनत्व में अन्नपूर्णा मंदिर के महंत शंकर पुरी, स्वामी जितेंद्रानंद सरस्वती आदि ने विचार रखे। शाम को स्वगुरु पूजा महोत्सव में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच स्वगुरु की पूजा हुई। इसके बाद वैदिक विद्वानों का सम्मान हुआ। अनुष्ठान में हरिदेव सेवायत, स्वामी अमित, स्वामी ध्रुव चैतन्य सरस्वती, कुमार आनंद गिरिजी, वीवी सुंदर शास्त्री, पी किशोर कुमार आदि रहे।

छठ पर कल रहेगा सार्वजनिक अवकाश
छह पर्व पर सात नवंबर को सार्वजनिक अवकाश रहेगा। एडीएम वित्त वंदिता श्रीवास्तव ने बताया कि डीएम एस राजलिंगम के आदेश पर सात नवंबर गुरुवार को स्थानीय सार्वजनिक अवकाश घोषित किया गया है। 

आज से चलेगी छठ स्पेशल ट्रेन
छठ के मद्देनजर वाराणसी सिटी-सीवान छठ स्पेशल ट्रेन का संचालन छह से 11 नवंबर तक किया जाएगा। 05176 वाराणसी सिटी-सीवान स्पेशल ट्रेन वाराणसी सिटी स्टेशन से सुबह 8:45 बजे खुलेगी और दोपहर 2.15 सीवान पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन संख्या 05175 सीवान-वाराणसी सिटी स्पेशल सीवान से अपराह्न 3.15 बजे खुलेगी और रात 8.45 बजे वाराणसी सिटी पहुंचेगी। 

आज नगर आयुक्त से मिलेंगे नाविक
नए नावों के लाइसेंस की मांग को लेकर नाविकों का समूह बुधवार को नगर आयुक्त से मुलाकात करेगा। मां गंगा निषादराज सेवा न्यास के अध्यक्ष प्रमोद मांझी ने बताया कि नगर निगम नए लाइसेंस नहीं दे रहा है। अब नाविक समाज तब तक लाइसेंस का नवीनीकरण नहीं कराएगा  जब तक नए नावों का लाइसेंस देने की प्रक्रिया शुरू नहीं हो जाती है। 

ज्ञानवापी मामले में अब 13 नवंबर को सुनवाई
ज्ञानवापी से जुड़े तीन साल पुराने जमीन की अदला-बदली मामले में सिविल जज सीनियर डिवीजन हितेश अग्रवाल की अदालत में सुनवाई नहीं हो सकी। अब 13 नवंबर सुनवाई होगी। इस मामले में वादी नित्यानन्द राय के अधिवक्ता ने पिछली जिरह में अदालत को बताया था कि प्रतिवादीगण अंजुमन इंतेजामिया मसाजिद कमेटी को नोटिस मिल गया था। इसके बावजूद कोई अदालत में हाजिर नहीं हुआ और न ही जवाबदेही दाखिल हुई। संवाद

ग्रामीण इलाकों में छाई धुंध दिन में धूप भी बेअसर
मौसम में अलग तरीके का बदलाव देखने को मिला। मंगलवार सुबह कई इलाकों में धुंध छाई रही। वहीं, हवा में नमी की वजह से दिन में धूप असरदार नहीं रही। शहरी की तुलना में ग्रामीण इलाकों में सुबह धुंध अधिक रही। मौसम वैज्ञानिक इसे स्थानीय स्तर पर प्रदूषण के साथ ही वातावरण में नमी को वजह बता रहे हैं। सुबह शहरी सीमा से सटे लोहता, रोहनिया, सारनाथ, कछवा, चोलापुर में धुंध अधिक रही।  
बीएचयू के मौसम वैज्ञानिक प्रो. मनोज श्रीवास्तव ने कहा कि तीन-चार दिन तक ऐसे ही मौसम बने रहने और अगले सप्ताह से ठंड बढ़ने के आसार हैं। मंगलवार को अधिकतम तापमान औसत से 1.0 डिग्री सेल्सियस से कम होकर 30.6 पहुंच गया। न्यूनतम तापमान 18.5 डिग्री सेल्सियस रिकाॅर्ड किया गया। 

काशी विद्यापीठ में आज रहेगा अवकाश
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में बुधवार को अवकाश रहेगा। कुलसचिव डॉ. सुनीता पांडेय ने बताया कि कुलपति प्रो. आनंद कुमार त्यागी के आदेशानुसार विश्वविद्यालय परिसर में छह नवंबर को प्रतिकर अवकाश घोषित किया गया है। 
विज्ञापन

आठ नवंबर को दिया जाएगा छात्रों को प्रशिक्षण
राष्ट्रीय आय और योग्यता छात्रवृत्ति की 10 नवंबर को होने वाली परीक्षा के लिए जिले में छह केंद्र बनाए गए हैं। 269 सीट के सापेक्ष 3217 से अधिक छात्र-छात्राएं शामिल होंगे। माध्यमिक शिक्षा विभाग ने केंद्र प्रभारियों को जिम्मेदारी दी है। छात्र-छात्राओं का 7 नवंबर को प्रशिक्षण के लिए बुलाया गया था। लेकिन डीएम ने अवकाश घोषित कर दिया है। प्रशिक्षण 8 नवंबर को सुबह 11 बजे क्वींस इंटर कॉलेज में होगा। 

राजर्षि टंडन में 15 नवंबर तक दाखिले का मौका
उत्तर प्रदेश राजर्षि टंडन मुक्त विश्वविद्यालय में यूजी, पीजी और डिप्लोमा पाठ्यक्रमों में प्रवेश की तैयारी में लगे अभ्यर्थियों के लिए राहत भरी खबर है। अभ्यर्थी अब 15 नवंबर तक विश्वविद्यालय में प्रवेश ले सकेंगे। क्षेत्रीय समन्वयक डॉ. एसके सिंह ने बताया कि प्रवेश की तिथि पांच नवंबर थी, इसे बढ़ाकर 15 नवंबर कर दिया गया है। 

विद्यापीठ में 9 को होगी शोध की मौखिक परीक्षा
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी संकाय में वनस्पति विज्ञान विषय में शोध, कोर्स वर्क और पीएचडी रजिस्ट्रेशन के लिए अभ्यर्थियों की मौखिक परीक्षा नौ नवंबर को होगी। संकाय प्रमुख डॉ. आशुतोष कुमार ने बताया कि नौ नवंबर को पावर प्वाइंट प्रेजेंटेशन होगा। शोध समिति की बैठक सुबह 10 बजे से विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी संकायाध्यक्ष के कमरे में होगी। 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें