आईआईटी बीएचयू के सांस्कृतिक उत्सव काशीयात्रा की अंतिम निशा में हंगामा हो गया। रैपर रफ्तार के लाइव कंसर्ट में उमड़ी भीड़ को काबू में करने के लिए पुलिस को लाठियां पटकनी पड़ी। कार्यक्रम में उम्मीद से अधिक भीड़ उमड़ी थी। रफ्तार ने एक ही गाना गया था कि वहां मौजूद छात्रों सहित अन्य लोग बैरीकेडिंग तोड़ मंच की ओर आने लगे नजारा देख रफ्तार असहज हो गए। कार्यक्रम को अधूरा छोड़कर ही वो मंच से उतर गए। फिर वो और उनकी टीम वापस अपने होटल चली गई।
इसके बाद भीड़ इतनी उमड़ गई कि भगदड़ जैसी स्थिति हो गई। भीड़ के बेकाबू होने पर पहले तो पुलिस फोर्स ने मंच को अपने हाथ में लिया। माइक लेकर कार्यक्रम बंद होने की घोषणा की। साथ ही सभी को ग्राउंड खाली करने को कहा। भीड़ ने हंगामा शुरू किया तो पुलिस ने लाठी पटक कर तितर-बितर किया।
आईआईटी बीएचयू के एडीवी ग्राउंड पर शाम सात बजे से रैपर रफ्तार के लाइव कंसर्ट के लिए पास बांटे गए थे। इसके बाद भी भीड़ इतनी उमड़ गई कि उसे काबू करना मुश्किल था। रविवार रात करीब 9 बजे जैसे ही कुछ लोग मंच के पास आए रफ्तार को कार्यक्रम छोड़कर जाना पड़ा।