यूपी के सोनभद्र में रेप पीड़िता ने कीटनाशक पीकर जान दे दी। मंगलवार को एक युवक ने उसके साथ रेप किया था। किशोरी की मौत के बाद नाराज लोगों ने अस्पताल में तोड़फोड़ की। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामला शांत कराया। किशोरी के पिता की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
जिले के पन्नूगंज थानाक्षेत्र के एक गांव की किशोरी के परिवार के लोग 24 जून को एक वैवाहिक कार्यक्रम में गए थे। वह घर में अकेली थी। 26 जून की सुबह परिवार के लोग घर पहुंचे तो घर के अंदर से एक युवक को भागते हुए देखा।
अंदर जाने के बाद बेटी ने बताया कि नीरज ने उसके साथ दुष्कर्म किया है। बुधवार को इस मामले को लेकर गांव में पंचायत शुरू हुई। इस घटनाक्रम के बाद किशोरी ने बुधवार को ही दोपहर ढाई बजे अनाज में रखी गई जहरीली दवा पी ली।
हालत बिगड़ने पर परिजन शाम को उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। हालत गंभीर देख डॉक्टर ने उसे बीएचयू रेफर कर दिया। लेकिन अस्पताल में घूम रहे बिचौलिये के झांसे में आकर परिवार के लोग उसे उसी के एंबुलेंस से उरमौरा स्थित प्रभव हास्पिटल ले गए, जहां इलाज के दौरान देर रात उसकी मौत हो गई।