वाराणसी। देशभर में विजयदशमी का त्योहार भले ही संपन्न हो गया हो, लेकिन शिव की नगरी काशी में रावण दहन का सिलसिला लगातार जारी है। सात वार नौ त्योहार की नगरी काशी में बुधवार को चांदपुर में विजयादशमी मेला सजा। चांदपुर रामलीला समिति की ओर से आयोजित मेले में रावण दहन के बाद मेले में उल्लास का रंग और भी चटख हो उठा।
चांदपुर चौराहे पर लगभग 30 फ ीट ऊंचे रावण के पुतले का दहन कर लोगों ने असत्य पर सत्य की विजय के प्रतीक पर्व की खुशी मनाई। रात में लहरतारा ट्रांसपोर्ट एरिया से विजया दशमी का लाग-विमान निकला तो वह दृश्य देखने के लिए हजारों की तादाद में लोग घरों से निकल पड़े। बाटा मोड़ होते हुए चांदपुर इंडस्ट्रियल स्टेट की सड़कों पर पहुंची झांकियों को देखने के लिए जहां-तहां भीड़ लग गई। लाग-विमान में काली, दुर्गा, हनुमान के अलावा कलियुग की भी झांकी शामिल थी। कुल 45 से ज्यादा लाग-विमान विजयादशमी के मेले में शामिल हुए। मेले के आयोजन में लीला समिति के प्रबंधक गंगा राम पटेल, अध्यक्ष रामाश्रय पाल, समिति के महामंत्री ग्राम प्रधान चांदपुर आर डी यादव, संरक्षक नरेंद्र शर्मा, मुन्ना लाल यादव, अखिलेश पटेल, रामधनी, दशरथ यादव, नरेंद्र पटेल, सुजीत कुमार गुप्ता का योगदान रहा।