वाराणसी। आईआईटी बीएचयू में चल रहे दो दिवसीय हैकथॉन के पहले दिन 12 टीमों के प्रतिभागियों ने स्टार्ट अप से जुड़े मॉडलों के बारे में जानकारी दी। अधिकांश मॉडल स्वास्थ्य पर आधारित रहे। टीम के सदस्यों ने दवाओं की गुणवत्ता मापने से लेकर चोट लगने पर इलाज के तरीकों के बारे में जानकारी दी। 36 घंटे तक चलने वाले इस कार्यक्रम का शुभारंभ आईकेपी हैदराबाद की सीईओ डॉ. दीपान्विता चटोपाध्याय ने किया।
संस्थान के स्कूल ऑफ बायो केमिकल इंजीनियरिंग में आयोजित कार्यक्रम में मुंबई, लखनऊ, बनारस, इलाहाबाद समेत 12 जगहों की टीमों ने प्रतिभाग किया। प्रो. प्रदीप श्रीवास्तव के निर्देशन में आयोजित इस कार्यक्रम को लेकर प्रतिभागियों का उत्साह देखने लायक रहा। टीम के प्रतिभागियों ने दवा असली है या नकली इसकी पहचान करने, घाव होने पर नए तरीके का बैंडेज, सड़क दुर्घटना में हड्डी टूटने के बाद इंप्लांट, विकलांग मरीजों के लिए इलेक्ट्रानिक व्हील चेयर आदि से संबंधित स्टार्ट अप की जानकारी दी। प्रो. प्रदीप ने बताया कि गुरुवार शाम तक हैकथॉन चलेगा। इस दौरान प्रो. राजीव प्रकाश सहित कई लोग मौजूद रहे।