वाराणसी। पीडब्ल्यूडी के प्रमुख सचिव नितिन रमेश गोकर्ण ने बुधवार को श्री काशी विश्वनाथ धाम और शहर में बन रहे फ्लाईओवरों का निरीक्षण किया। धाम के निर्माण कार्य से विशेषज्ञों को जोड़ने को कहा। प्रमुख सचिव ने चौकाघाट, कज्जाकपुरा और आशापुर फ्लाईओवर का निर्माण समय से पूरा कराने को कहा। खासकर चौकाघाट फ्लाईओवर को हर हाल में नए साल में शुरू कराने का निर्देश मातहतों को दिया।
श्री काशी विश्वनाथ धाम के विस्तारीकरण एवं सुंदरीकरण परियोजना देखने के लिए प्रमुख सचिव कॉरिडोर क्षेत्र में पहुंचे। वहां उन्होंने खरीदे गए भवनों के ध्वस्तीकरण की जानकारी ली। मलबा निस्तारण के बारे में अपडेट पूछा और उन्होंने अपने मातहतों को जल्द से जल्द इस कार्य को पूरा करने का निर्देश दिए। मुख्य कार्यपालक अधिकारी विशाल सिंह से निर्माण कार्यों से जुड़ा नक्शा मंगाकर देखा। नक्शे के अनुरूप कार्य कराने व इसमें धार्मिक कार्यों के विद्वान, पुरातत्वविद और वास्तु सलाहकार सहित कई अन्य विशेषज्ञों को परियोजना निर्माण में जोड़ने की बात कही।
मुख्य कार्यपालक से कहा कि यह निर्माण न केवल काशी के लिए बल्कि विश्व में रहने वाले हर एक शिव भक्तों, सनातनधर्मियों के लिए आस्था का केंद्र बनने जा रहा है। ऐसे में इस परियोजना के निर्माण में हर उन विशेषज्ञों को भी शामिल किया जाए जो इस मंदिर क्षेत्र को धार्मिक, वास्तु अनुरूप व पुरातात्विक महत्व के अनुसार निर्माण कराने में सहयोग कर सकें। प्रमुख सचिव ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों से कहा कि विभाग को यह निर्माण कराने के लिए अगर मिला है तो इसे एक विशेष मौका समझकर काम करना चाहिए। इस निर्माण में सभी अधिकारी अपनी पूरी ऊर्जा के साथ बेहतर से बेहतर कार्य करें ताकि यह परियोजना एक उदाहरण बन सके।