जेएचवी मॉल में दिनभर चलती रहीं तरह-तरह की चर्चाएं
- फोटो : अमर उजाला
होटल रमाडा प्लाजा को सील कर कुर्की करने की नोटिस चस्पा होने के बाद से यहां ठहरे देशी-विदेशी मेहमानों ने दूसरा ठिकाना तलाश लिया। कुशीनगर से आए अधिकारियों की टीम ने सोमवार की शाम को यहां नोटिस चस्पा किया था। मेहमानों को भी इसकी जानकारी हो गई थी।
इसके चलते मंगलवार सुबह से इन्होंने शहर के दूसरे होटलों का रुख किया। वहीं टूर एंड ट्रेवल एजेंसियों ने भी अपने मेहमानों को रमाडा होटल के बजाय दूसरे होटल में ठहराया। उधर, होटल में कार्यरत दो सौ से ज्यादा स्टाफ के बीच अपने भविष्य को लेकर तरह-तरह की बातें चलती रहीं।
होटल रमाडा को सोमवार शाम साढ़े छह बजे सील करने की नोटिस चस्पा हुई थी। इसके साथ ही होटल प्रबधन ने एडवांस बुकिंग न करने और गेस्ट (होटल में ठहरे लोग) को दूसरी जगह शिफ्ट करने की प्रक्रिया शुरू कर दी थी।
होटल में रुके लोगों को इसकी जानकारी रात में ही दे दी गई थी। मंगलवार को दोपहर बाद एक तरफ होटल स्टाफ एडवांस बुकिंग कर रहा था तो गेस्ट चेक आउट करने में। इस दौरान टूर एंड ट्रेवल एजेंसियों के बीच होटल के भविष्य को लेकर चर्चा चलती रही।
वहीं जेएचवी मॉल में भी पूरे दिन चर्चाओं का बाजार गर्म रहा। जिन लोगों ने कपड़े आदि की बुकिंग करा रखी थी, वह उसे लेने रोजाना की तरह ही गए।