काशी की मुस्लिम महिलाओं ने टिक्की, सितारा, गोटे और किरन के साथ पीएम के लिए रक्षासूत्र तैयार किया। ऑपरेशन सिंदूर की कामयाबी पर महिलाओं ने पीएम के लिए राखी भेजी।
ऑपरेशन सिंदूर की कामयाबी पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को मुस्लिम महिलाओं ने बुधवार को राखी भेजी। लमही स्थित सुभाष भवन में महिलाओं ने अपने हाथों से टिक्की, सितारा, गोटा, किरन से रंग बिरंगी राखी तैयार की। कुछ राखियां ऑपरेशन सिंदूर की थीम पर बनाई गई।
विज्ञापन
मुस्लिम महिला फाउंडेशन और विशाल भारत संस्थान के बैनर तले आयोजित कार्यक्रम में महिलाओं ने नरेंद्र मोदी के चित्र के अलावा रंग-बिरंगे राखी तैयार किया। इस दौरान वह हमार मोदी भइया, राखी बाधब तोरे कलइया पे..., एक-एक मिसाइल से पाकिस्तान के बेधला... आदि गीत गाया।
फाउंडेशन की राष्ट्रीय अध्यक्ष नाजनीन अंसारी ने कहा किबहन-बेटियों का सिंदूर उजाड़ने वालों को पीएम मोदी ने ऑपरेशन सिंदूर के जरिये न सिर्फ सबक सिखाया बल्कि पाकिस्तान को घुटनों पर भी ला दिया। राष्ट्रीय महासचिव डॉ. अर्चना भारतवंशी ने कहा कि नरेंद्र मोदी ने ऑपरेशन सिंदूर चलाकर देश की लाज रखी।
डॉ. नजमा परवीन ने कहा कि पीएम मोदी ने तीन तलाक खत्म कर मुस्लिम महिलाओं को सम्मान से जीने का अधिकार दिया। इस मौके पर खुर्शीदा बानो, नगीना बेगम, डॉ. मृदुला जायसवाल, आसमा जबी, महरुन नीश, रौशनजहां, मुन्नी, गुलशन बानो, नरगिस, जमीला, रुखसार आदि रहीं।