रोडवेज बसों में बहनों को किराया नहीं देना होगा। 19 और 20 अगस्त को बहनें मुफ्त में सफर करेंगी। परिचालक टिकट काटेंगे, लेकिन रसीद पर किराया शून्य होगा। महिलाओं के साथ पुरुष होंगे तो सिर्फ पुरुष का टिकट लगेगा।
आरएम गौरव वर्मा ने बताया कि सभी बस चालक और परिचालक की छुटि्टयां निरस्त कर दी गईं हैं। बसों को दुरुस्त कराए जाने का भी निर्देश दिया गया है। ब्रेकडाउन जैसी समस्या न हो। वहीं, परिचालक और चालक को प्रोत्साहन राशि भी दी जाएगी।
वृद्धाश्रम में बनाए जाएंगे आयुष्मान कार्ड
डीएम एस राजलिंगम की अध्यक्षता में माता-पिता और वरिष्ठ नागरिकों के भरण-पोषण और कल्याण अधिनियम 2014 के अंतर्गत अनुश्रवण समिति की बैठक हुई। डीएम ने कहा कि वृद्धाश्रम में रह रहे ऐसे वृद्ध जिनकी उम्र 70 वर्ष से अधिक है। उनके आयुष्मान कार्ड बनवाए जाएं। इसके लिए वहीं कैंप लगाए जाएं और जल्द ही कार्ड बनाने का काम पूरा किया जाए। वहां नियमित स्वास्थ्य परीक्षण के निर्देश डीएम ने स्वास्थ्य विभाग के अफसरों को दिए।
21 दिन में जमा हुआ 12 करोड़ गृहकर
नगर आयुक्त अक्षत वर्मा ने बताया कि गृहकर जमा करने पर 30 सितंबर तक छूट दी जा रही है। 21 दिन में 33 हजार भवन स्वामियों ने इसका लाभ उठाया है और 12 करोड़ रुपये नगर निगम में जमा हुए हैं। आदमपुर जोन के 4900 भवन स्वामियों ने 81.62 लाख रुपये, भेलूपुर जोन के 8572 भवन स्वामियों ने 2.74 करोड़, दशाश्वमेध जोन में 6462 भवन स्वामियों ने 3.31 करोड़, कोतवाली जोन में 3142 भवन स्वामियों ने 1.35 करोड़, वरुणापार जोन में 9812 भवन स्वामियों ने 3.85 करोड़ और रामनगर जोन में 112 भवन स्वामियों ने 1.39 लाख रुपये जमा किए हैं। नगर निगम की वेबसाइट www.nnvns.org.on पर जाकर घर बैठे अपना गृहकर जमा कर सकते हैं।