समाजवादी पार्टी के मार्गदर्शक मुलायम सिंह यादव के संसदीय क्षेत्र पहुंचे केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने आज सपा और कांग्रेस गठबंधन पर जमकर निशाना साधा।
उन्होंने कहा कि सपा पांच साल में विकास का दावा कर रही है लेकिन वह मुख्यमंत्री को बताना चाहते हैं कि काम बोलता नहीं बल्कि दिखता है। यह पूरे प्रदेश में कहीं नहीं दिखाई दे रहा है। पूर्वांचल में बढ़ते राजनीतिक पारे के बीच आजमगढ़ पहुंचे राजनाथ सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री अपनी कमजोरी को समझ चुके हैं, इसीलिए कांग्रेस से गठबंधन किया।
उन्होंने चुटकी लेते हुए कहा कि कांग्रेस ने चुनाव से पहले खाट सभा की। जिसने खाट पकड़ ली, वह चुनाव क्या लड़ेगा। राहुल का नाम न लेते हुए राजनाथ ने कहा कि वह उस साइकिल पर बैठ जिसे मुलायम सिंह ने पंचर कर दिया था। साइकिल खटारा हो चुकी है।
गृहमंत्री ने बसपा पर भी तीखे हमले किए। कहा कि हाथी अब पुराना हो चुका है। उसे जिंदा रखने के लिए अब पीपल का पत्ता खिलाना होगा। आरोप लगाया कि प्रदेश की जनता बिजली और पानी की कमी से जूझ रही है।