गोपाल मंदिर में श्री वल्लभाचार्र्य प्राकट्य महोत्सव पर शास्त्रीय गायन प्रस्तुत करते राजेंद्र वै
- फोटो : Archive
श्रीमुकुंदगोपाल सेवा संस्थान की ओर से महाप्रभु वल्लभाचार्य के 549वें प्राकट्य महोत्सव के अंतिम दिन मंगलवार को षष्ठपीठ श्रीगोपाल मंदिर चौखंभा में संगीत संध्या का आयोजन हुआ। कलाकारों ने सुमधुर स्वरों से प्रभु को अष्टछाप के पदों को सुनाया। जोधपुर के कपिल राजेंद्र वैष्णव और राजेंद्र वैष्णव ने गायन-वादन से आनंद की वर्षा की।
कपिल राजेंद्र ने तबला वादन किया। उन्होंने तीन ताल बजाने के बाद फरूखाबाद घराने की परंपरा को विस्तार दिया। पेशकार, कायदा, रेला तथा गत, टुकड़े, चक्रधार, काव्यगत रचना की सुंदर प्रस्तुति दी। दूसरी प्रस्तुति जोधपुर के राजेंद्र वैष्णव के गायन की रही। उन्होंने राग पूरिया, कल्याण में विलम्बित रचना पेश किया। षष्ठपीठाधीश्वर गोस्वामी श्याममनोहर महाराज, युवराज गोस्वामी प्रियेन्दु बाबा ने कलाकारों को सम्मानित किया। संचालन डॉ. सीमा वर्मा ने किया। इस मौके पर छाया बेन, राजेश अग्रवाल, मधुसुदन दास, गणेशदास, सचिन पारिख, अतुल शाह, प्रदीप अग्रवाल आदि मौजूद रहे।