मिर्जामुराद में शिवरामपुर चट्टी में नेशनल हाईवे पर तेज रफ्तार वाहन की टक्कर से बाइक सवार चाचा की मौके पर हो मौत हो गई। वहीं, बाइक सवार भतीजा गंभीर रूप से घायल हो गया। मिर्जामुराद थाने की पुलिस ने उसे अस्पताल भिजवाया। चाचा का शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
चौबेपुर में कादीपुर रेलवे स्टेशन के लाइन नंबर तीन के पास शुक्रवार को ट्रैक पार करते समय सारनाथ-दुर्ग अप ट्रेन की चपेट में आने से गेट मैन जितेंद्र कुमार (50) की मौत हो गई। जीआरपी ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। रेल कर्मियों के अनुसार, जितेंद्र कुमार लहरतारा, पुराना जीटी रोड के निवासी थे। उनकी मौत की सूचना पाकर पत्नी प्रिया श्रीवास्तव और बेटे रुद्र व अभिषेक का रो-रोकर बुरा हाल था। सूचना पाकर पहुंचे परिजन उनकी पत्नी और बच्चों को बड़ी मुश्किल से संभाले हुए थे।
भदोही के औराई थाना के कुरौना निवासी और बुनकर रामकरण बिंद (50) भतीजे बबलू बिंद (30) के साथ चेनीपुर में चौध कार्यक्रम में आए थे। कार्यक्रम के बाद दोनों गुरुवार रात बाइक से अपने घर जा रहे थे। शिवरामपुर चट्टी के पास नेशनल हाईवे पर बाराणसी से प्रयागराज की तरफ जा रहे एक तेज रफ्तार वाहन ने दोनों की बाइक पर जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे में रामकरण की मौके पर ही मौत हो गई। भतीजा बबलू बिंद गंभीर रूप से बायल है। हादसे के बाद आरोपी चालक अपना वाहन लेकर प्रयागराज की तरफ भाग निकला। पुलिस की सूचना पर आए परिजनों ने बताया कि पांच पुत्रों और एक पुत्री के पिता रामकरण बुनकरी करते थे। रामकरण की पत्नी संतारा देवी की पहले ही मौत हो चुकी है। मिर्जामुराद थाने में अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
कछवां रोड में विहड़ा गांव के पास एक ढाबे के सामने बृहस्पतिवार देर रात हाईवे पर खड़े ट्रेलर के पीछे वाराणसी से गोपोगंज की ओर जा रहा चाइक सवार युवक टकरा गया। हादसे में युवक की मौत हो गई। सूचना पाकर मिर्जामुराद थाने की पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
भदोही जिले के गोपीगंज थाना के धनापुर दक्षिणी निवासी शिवपूजन तिवारी के पुत्र सत्यम (30) बृहस्पतिवार सुबह अपने काम से बाइक से वाराणसी आए थे। वापसी के दौरान बिहड़ा गांव के पास एक ढाबे के सामने खड़े ट्रेलर के पीछे वह जा टकराए। परिजनों ने बताया कि सत्यम की दो वर्ष की पुत्री है। देर शाम तक उनके घर न पहुंचने पर परिवार के सदस्य भी परेशान थे, तब तक हादसे में उनकी मौत की सूचना मिली।
चोलापुर में गहनी मोड़ के पास ट्रैक्टर ट्रॉली की टक्कर से बेनीपुर खुर्द निवासी बाइक सवार युवक की मौत हो गई। चोलापुर धाने की पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। चोलापुर थाना के बेनीपुर खुर्द निवासी अजय पाल (28) घर से निमंत्रण में शामिल होने निकला था। बृहस्पतिवार देर रात वह घर लौट रहा था। गहनी मोड़ के पास एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर ट्रॉली की टक्कर से अजय पाल गंभीर रूप से घायल हो गया।
ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची चोलापुर थाने की पुलिस अजय को अस्पताल ले गई, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने बताया कि दो बेटियों का पिता अजय पाल दो भाई और एक बहन में सबसे बड़ा था।