वाराणसी में सीनियर डीईएन-टू की गिरफ्तारी के बाद से ही छानबीन का सिलसिला जारी है। सीनियर डीईएन-टू को घूस मांगने पर गिरफ्तार किया गया था। इसी क्रम में अब विजिलेंस ने इंजीनियरिंग विभाग के अधिकारी से दो घंटे पूछताछ की।
सीनियर डीईएन-टू सत्यम कुमार सिंह पटेल की गिरफ्तारी के मामले में विजिलेंस की टीम ने बुधवार को पूर्वोत्तर रेलवे के डीआरएम कार्यालय में इंजीनियरिंग विभाग के एक अधिकारी से पूछताछ की। छह से सात की संख्या में टीम ने अधिकारी के चेंबर में दो घंटे तक पूछताछ के दौरान कई कागजात और फाइलों को खंगाला। कुछ अधिकारी सीबीआई की धमक से सहमे रहे। बाद में मालूम चला कि गोरखपुर की विजिलेंस है।
विज्ञापन
डीआरम भवन के कर्मियों ने बताया कि विजिलेंस टीम ने ठेकेदारों और अनधिकृत व्यक्तियों को भवन से बाहर कर दिया। दोपहर में पहुंची टीम इंजीनियरिंग विभाग के एक अधिकारी के चेंबर में पहुंची। अन्य कर्मियों को दरवाजे के बाहर कर दिया गया। पुराने रिकॉर्ड, फाइल और टेंडर के बारे में पूछताछ की गई है।
भ्रष्टाचार के आरोप में लखनऊ जेल में बंद सीनियर डीईएन-टू सत्यम कुमार सिंह पटेल के करीबियों पर विजिलेंस की खास नजर है। कर्मचारियों ने बताया कि मामले में विजिलेंस की निगाह एक रेल अधिकारी पर भी है।