यूपी बोर्ड की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा के पेपर के पैकेट परीक्षा केंद्रों पर कैमरे की नजर में खोले जाएंगे। पारदर्शिता के लिहाज से केंद्रों पर वॉयस रिकॉर्डर वाले सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। परीक्षा वाले दिन केंद्र व्यवस्थापक समेत तीन सदस्यीय कमेटी को पैकेट पर हस्ताक्षर भी करना होगा, इसके बाद ही उसका वितरण छात्रों में कराया जाएगा।
सात फरवरी से 149 केंद्रों पर होने वाली बोर्ड परीक्षा के लिए केंद्रों पर कॉपियां भिजवाई जाने लगी हैं। इसके अलावा जिले के सभी केंद्रों पर 30 जनवरी तक पेपर सहित अन्य गोपनीय सामग्रियों के पैकेट के भी पहुंचाने की तैयारियां चल रही हैं।
शिक्षा विभाग की ओर से केंद्रों की सूची तैयार की जा चुकी है। बस कुछ औपचारिकताओं के बाद पेपर भी भिजवाए जाएंगे। इधर, कुछ प्रतियोगी परीक्षाओं में गलत पेपर के पैकेट खुलने, परीक्षार्थियों में उसके वितरण किए जाने की घटनाओं से सबक लेते हुए अब बोर्ड ने सतर्कता बरतनी शुरू कर दी है।
नई व्यवस्था के मुताबिक अब वॉयस रिकॉर्डर वाले सीसीटीवी कैमरे की नजर में ही परीक्षा के दिन पैकेट खुलेंगे, इसके बाद तीन सदस्यीय कमेटी पैकेट पर हस्ताक्षर भी करेगी।
जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. विजय प्रकाश सिंह ने बताया कि पहले पेपरों का मिलान कराया जाएगा, इसके बाद ही वितरण होगा, जिससे कि किसी तरह की गड़बड़ी न हो। बताया कि लापरवाही बरतने पर संबंधित केंद्राध्यक्ष की जवाब देही होगी।