रामनगर के रत्तापुर वार्ड शुक्रवार को जल निकासी की मांग को लेकर नागरिकों का बेमियादी धरना दूसरे दिन लगातार जारी रहा। आक्रोशित महिलाएं और पुरुष बैठे अब आर पार के मूड में आ गए है।पूर्वाह्न मौके पर पहुंचे रामनगर थाना प्रभारी राजू सिंह ने धरनारत लोगों को समझने का प्रयास किया नहीं वह किसी हालत में मानने को तैयार नहीं हुए।
शनिवार की सुबह ही जोनल कार्यालय के मेन गेट पर ताला जड़ दिया। जिससे ज़ोन कर्मी कार्यालय में प्रवेश ही नही कर पाए। थोड़ी देर बाद मौके पर जलकल के जी एम ,जोनल अधिकारी, और अन्य अधिकारी पहुंचे। उन्होंने दो दिनों में समस्या का हल करने का आश्वासन दिया लेकिन आश्वासनों से तंग आ चुके नागरिक किसी कीमत पर मानने को तैयार नहीं हुए।
इस दौरान धरने में भूख हड़ताल पर बैठे समाजवादी पार्टी के पिछड़ा प्रकोष्ठ के महानगर सचिव मनीष यादव की हालत बिगड़ गई तो मौके पर लाल बहादुर शास्त्री चिकित्साल्य के डाक्टरों की टीम पहुंची। जांच करने के बाद उन्हें एम्बुलेंस से अस्पताल पहुँचाया। वहीं जलकल जी एम ,जोनल अधिकारी के साथ जल कल के अभियंताओ ने रत्तापुर क्षेत्र का दौरा किया।
मिट्टी काटकर पानी निकालने का आदेश दिया। दो महीने में सीवर लाइन बिछाने का आश्वासन दिया। लेकिन धरनारत लोगों ने दो टूक कह दिया कि जब-तक काम शुरू नहीं हो जाता धरना जारी रहेगा। नगर के प्रमुख समाजसेवी श्रीनारायण द्विवेदी डंडा गुरु अपनी टीम के साथ धरना रत लोगों को समर्थन देते हुए बोले कि यह लड़ाई रत्तापुर की जनता की नहीं हम सबकी है।
नगर निगम के अधिकारी तानाशाह हो गए हैं। धरने में पिछड़ा प्रकोष्ठ के महानगर अध्यक्ष विवेक कहार रौकी,सचिव मनीष यादव,अश्विनी तिवारी,आरती देवी,सपना तिवारी,उषा चौहान,पूनम चौहान,मंजू देवी,रीता मौर्या,माधुरी चंदा बेबी,हसीना,जुबेर,जाहिदा, मुशर्रफ,कलीम,जावेद सहित दर्जनों महिलाएं और पुरुष शामिल थे।