वाराणसी। शासन के दबाव और अगला महीना बीतने के बाद बजट की धनराशि लैप्स होने के डर से लोक निर्माण विभाग इन दिनों शहर के बाहरी हिस्सों की कुछ सड़कों की मरम्मत तेजी से करा रहा है लेकिन काम और सामग्री की गुणवत्ता से जुड़े सवाल भी उठ रहे हैं।
आमजन की शिकायत है कि मानकों की अनदेखी कर बनाई जा रही सड़कें ज्यादा समय तक टिक नहीं पाएंगी। ऐसे में डीएम को मरम्मत कार्य और सामग्री की जांच करानी चाहिए।
लोक निर्माण विभाग मोहनसराय से कैंट के बीच की सड़क को नए सिरे से बनवा रहा है लेकिन कई जगह लोगों ने काम की गुणवत्ता पर असंतोष जाहिर किया। रविवार को चांदपुर चौराहे पर यशोदा नंदन शुक्ला, मुन्नन सिंह, प्रीतम पाल, लल्लन यादव आदि का कहना था कि पटरियों का काम छोड़ दिया गया है।
निर्माण सामग्री और काम की गुणवत्ता भी ठीक नहीं है। डीएम को इसकी जांच करानी चाहिए। वहीं, पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता अजीत कुमार दूबे का कहना है कि सड़क निर्माण में मानकों का पूरा ख्याल रखा जा रहा है। पटरियां भी बनवाई जाएंगी।
दूसरी ओर, लोक निर्माण विभाग के राष्ट्रीय राजमार्ग खंड द्वारा शनिवार की रात भोजूबीर से बाबतपुर सड़क पर मरम्मत कार्य शुरू कराया गया है। यहां भी लोगों में काम की गुणवत्ता पर असंतोष है। भोजूबीर क्षेत्र के शशांक भूषण रघुवंशी, अवधेश राय, आशुतोष, सुभाष यादव आदि का कहना है कि तारकोल का लेपन कर सड़क मरम्मत का कोरम पूरा किया जा रहा है। पूरे काम की मानीटरिंग और जांच की जानी चाहिए। इस मामले में एक्सईएन आरएन सिंह ने कहा कि गुणवत्ता का पूरा ध्यान रखते हुए काम हो रहा है। मानकों को लेकर कोई समझौता नहीं होगा।