मंडुवाडीह चौराहे पर रविवार की सुबह अतिक्रमण हटाया गया। यहां भारी पुलिस बल की मौजूदगी में पीडब्ल्यूडी की ओर से दुकानों को तोड़ा गया। इस दौरान तनाव का माहौल भी देखने को मिला।
वाराणसी जिले के मंडुवाडीह चौराहे के चौड़ीकरण के लिए चिह्नित 7 दुकानों और 4 मकानों पर रविवार को लोक निर्माण विभाग की टीम ने अभियान चलाकर उन्हें तोड़ा। ककरमत्ता की ओर से मंडुवाडीह की ओर आने वाली लेन पर कार्रवाई की गई। इस दौरान स्थानीय लोगों ने विरोध भी किया। इसके चलते भारी पुलिस तैनात रही।
विज्ञापन
एक साल पहले ही सभी को दिया जा चुका है नोटिस
रविवार की सुबह करीब 11 बजे पीडब्ल्यूडी की टीम जेसीबी के साथ पहुंची। चिह्नित भवनों को तोड़ने का काम शुरू कर किया गया तो स्थानीय लोगों ने विरोध शुरू किया। अफसरों से झड़प भी हुई। फिर समय मांगा तो अफसरों ने कहा कि करीब एक साल पहले ही सभी को नोटिस दिया जा चुका है। इसी बीच दो बार अभियान भी चल चुका है तो अभी तक दुकान-भवन खाली क्यों नहीं किए गए। विरोध देखते हुए पुलिस भी मौके पर पहुंच गई।
विज्ञापन
टीम ने दरगाह से सटी हुई दुकानों ढहाया। करीब तीन बजे टीम दुकानें ढहाने के बाद जाने लगी तो स्थानीय लोगों ने जेसीबी रोक ली। कहा कि एकतरफा कार्रवाई हो रही है। दरगाह के पास एक इमारत भी चिह्नीकरण में शामिल है तो उसे क्यों नहीं तोड़ा जा रहा है। टीम ने दरगाह से सटे एक मकान को एक मीटर तक ढहाया। इसके बाद दरगाह की एक दीवार को भी तोड़ा गया। इसके बाद लोग वहां से हटे। शाम चार बजे टीम कार्रवाई करके लौट गई। टीम के जाने के बाद लोग मलबा हटाते रहे। इस दौरान मंडुवाडीह थाना प्रभारी राहुल सिंह, लहरतारा चौकी प्रभारी पवन यादव पुलिस बल के साथ मौजूद रहे।
मंडुवाडीह से बनारस स्टेशन के रास्ते पर लगाए गए निशान
मंडुवाडीह चौराहे पर कार्रवाई के दौरान लोक निर्माण विभाग की टीम ने बनारस स्टेशन की ओर जाने वाले रास्ते पर बिजली उपकेंद्र तक भवनों पर निशान लगाए। इसी महीने इस ओर मकान और दुकानों को ढहाया जाएगा। इसके बाद चौराहे से मंदिर शिफ्ट करने समेत चौराहे के कुछ मकानों को तोड़ा जाएगा।
शाम तक लगा रहा जाम
चौराहे पर कार्रवाई के दौरान चौराहे की दोनों लेन, महमूरगंज ओवरब्रिज तक जाम लगा रहा। इसी तरह बनारस स्टेशन, ककरमत्ता- फुलवरिया ओवरब्रिज, भिखारीपुर तिराहा तक जाम की स्थिति रही। शाम पांच बजे तक जाम की ऐसी ही स्थिति रही।