माैसम बदलने के साथ ही बनारस के लोग बिजली की समस्याओं से परेशान हो रहे हैं। खपत बढ़ जाने से लोकल फाॅल्ट आए दिन हो रहे हैं। ट्रांसफाॅर्मर, केबल और पैनल गर्म हो जाने से तमाम तरह के कवायद किए जा रहे हैं।
जिले में बीते दो दिन से गर्मी बढ़ने का असर बिजली की खपत पर पड़ रहा है। अप्रैल के महीने में खपत रिकॉर्ड 700 मेगावाट के पार पहुंच गई है। लोड बढ़ने से लोकल फॉल्ट के साथ ही ट्रिपिंग की समस्या भी बढ़ गई है। इस महीने में 550 से 600 मेगावाट की जरूरत होती है, लेकिन गर्मी के प्रकोप से खपत बढ़ी है। आने वाले दिनों में हीट वेव चलने से हालात और गंभीर हो सकते हैं।
विज्ञापन
पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम की ओर से निर्बाध आपूर्ति के दावे किए गए थे, लेकिन गर्मी शुरू होते ही बिजली की कटौती की जा रही है। शहर से लेकर गांव तक फाॅल्ट सही होने पर लो वोल्टेज की दिक्कत भी आ रही थी। अचानक बढ़े लोड के कारण ट्रांसफाॅर्मर, केबल, पैनल भी हीट हो रहे हैं।
इसके चलते मंगलवार को डाफी, सुंदरपुर, मंडुवाडीह के महेशपुर, न्यू काॅलोनी ककरमत्ता, सारनाथ सहित अन्य जगहों पर बिजली की आवाजाही जारी रही। इससे लोगों को विभिन्न समस्याओं का सामना करना पड़ा।
विज्ञापन
बिजली निगम के मुख्य अभियंता अनिल वर्मा ने बताया कि उपभोक्ताओं को बेहतर आपूर्ति दिलाने के उद्देश्य से अधिकारियों को माॅनीटरिंग करने कहा गया है। दो दिन से खपत बढ़ने के कारण लोगों से जरूरत के अनुसार बिजली उपकरणों का उपभोग करने को कहा गया है।
नौ घंटे में सात बार ट्रिपिंग
रोहनिया विद्युत उपकेंद्र के यूनिवर्सिटी फीडर से दिन मे 9 बजे से लेकर शाम 6 बजे तक सात बार बिजली ट्रिपिंग की समस्या आई। लोकल फॉल्ट बढ़ने के पीछे अधिकारी भी ओवरलोड को ही इसकी वजह बता रहे हैं।